Live VNS

सरकारी योजनाओं की जानकारी अब 22 से अधिक भाषाओं में मिलेगी, सामाजिक न्याय मंत्रालय और भाषिणी के बीच हुआ समझौता

सरकारी योजनाओं की जानकारी अब 22 से अधिक भाषाओं में मिलेगी, सामाजिक न्याय मंत्रालय और भाषिणी के बीच हुआ समझौता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)।

केंद्र सरकार ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं को देश के हर नागरिक तक उसकी अपनी भाषा में पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के डिजिटल इंडिया भाषिणी डिवीजन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया है। इस साझेदारी के जरिए सामाजिक न्याय मंत्रालय के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भाषिणी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित भाषा तकनीक को जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों और लाभार्थियों को 22 से अधिक भाषाओं में सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी मिल सकेगी।

इस समझौते का मुख्य उद्देश्य भाषा की बाधा को दूर करना और सरकारी सेवाओं को अधिक समावेशी एवं सुलभ बनाना है। समझौते के दौरान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, विभाग के सचिव सुधांश पंत और डिजिटल इंडिया भाषिणी डिवीजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ नाग सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस साझेदारी के तहत भाषिणी की भाषा तकनीक को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म 'समावेश' (सिंगल एक्सेस मैकेनिज्म फॉर ऑल वर्टिकल्स ऑफ एम्पावरमेंट एंड सोशल हार्मनी) के साथ जोड़ा जाएगा।

समावेश पोर्टल का उद्देश्य मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और संगठनों से जुड़ी जानकारियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। अब भाषिणी की तकनीक जुड़ने से लोग अपनी पसंद की भाषा में योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा दस्तावेजों का सारांश तैयार करने जैसी तकनीकी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस पहल के तहत समावेश प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध एआई आधारित चैटबॉट 'सामाजिक सहायक' को भी भाषिणी की तकनीक से मजबूती मिलेगी। यह चैटबॉट 22 से अधिक भाषाओं में लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है।

इससे अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी समझने और संबंधित सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। खासकर उन लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें भाषा की वजह से डिजिटल सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी होती है।

अनुवाद, वॉयस और वीडियो तकनीक पर भी जोर

डिजिटल इंडिया भाषिणी डिवीजन के सीईओ अमिताभ नाग ने कहा कि उनका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सूचनाओं और सेवाओं तक पहुंचने में भाषा कभी बाधा न बने। भाषिणी टेक्स्ट, स्पीच और वीडियो अनुवाद के जरिए बहुभाषी एआई तकनीक को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने बताया कि आदिवासी और कम संसाधन वाली भाषाओं को भी डिजिटल इकोसिस्टम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत भीली जैसी जनजातीय भाषाओं और मिजो जैसी कम संसाधन वाली भाषा को डिजिटल स्वरूप देने पर काम किया जा रहा है।

आगे सरकारी रिपोर्टों, योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों और वीडियो को भी विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आवाज आधारित सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा।

डिजिटल इंडिया भाषिणी डिवीजन, डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की राष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य एआई आधारित तकनीक के जरिए देश में बहुभाषी डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देना है।

सरकार के अनुसार, भाषिणी अब तक 800 से अधिक सरकारी वेबसाइटों को भाषा तकनीक से जोड़ चुकी है। इसके माध्यम से 11 अरब से अधिक एआई इनफेरेंस किए जा चुके हैं, जबकि प्रतिदिन 2.4 करोड़ से अधिक एआई इनफेरेंस प्रोसेस किए जा रहे हैं। यह 36 भारतीय टेक्स्ट भाषाओं, 23 भारतीय वॉयस भाषाओं और 35 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को समर्थन देता है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और भाषिणी के बीच हुआ यह समझौता सरकारी योजनाओं की जानकारी को अधिक लोगों तक उनकी अपनी भाषा में पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एआई आधारित अनुवाद, आवाज और दस्तावेजों के सारांश जैसी सुविधाओं से डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल आसान हो सकेगा।

इस पहल के जरिए सरकार का जोर तकनीक को केवल डिजिटल सुविधा तक सीमित रखने के बजाय उसे भाषा की बाधाओं से मुक्त कर समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर है, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले नागरिक अपनी भाषा में सरकारी योजनाओं और से

वाओं का लाभ उठा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…