भोज उत्सव समिति ने की उर्स और व्यापारिक मेले पर प्रतिबंध लगाने की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धार, 14 नवंबर (हि.स.)। भोजशाला की मुक्ति और उसके गौरव की पुनः प्रतिष्ठा की मांग को लेकर सक्रिय महाराजा भोज उत्सव समिति ने सरस्वती मंदिर के समीप आयोजित होने वाले उर्स और व्यापारिक मेले पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस संबंध में शनिवार को समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम राजस्व अधिकारी राजकुमार हलदर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में समिति ने कहा कि पूर्व में भोजशाला के समीप उर्स और व्यापारिक मेले का आयोजन होता रहा है। इसे प्रतिबंधित करने के लिए समिति और नगर के व्यापारियों द्वारा प्रतिवर्ष प्रशासन को ज्ञापन एवं आवेदन दिए जाते रहे हैं। समिति का कहना है कि मुस्लिम माह जिलहिज्जा की चार तारीख को कमाल मौलाना का जन्मदिन मनाया जाता है। ऐसे में जन्मदिन के नाम पर दोबारा उर्स आयोजित करने का कोई औचित्य नहीं है।
समिति ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि भोजशाला के अति संवेदनशील 50 मीटर के दायरे में बिना अनुमति रंगाई-पुताई की जाती है। समिति के अनुसार, भोजशाला में नियमित पूजा, हवन और आरती का क्रम जारी है। ज्ञापन में उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यहां नियमित पूजन-अर्चन की व्यवस्था जारी है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। उर्स और मेले के आयोजन से श्रद्धालुओं के आवागमन का मार्ग बाधित होने के साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
समिति ने कहा कि पूर्व में मोतीबाग चौक के समीप नगर के बाहरी क्षेत्र में मेला आयोजित किया जाता था, लेकिन अब यह इलाका घनी आबादी वाला हो गया है। नगर में वर्षभर दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध रहती है और विभिन्न मेले भी आयोजित होते हैं। ऐसे में इस व्यापारिक मेले की आवश्यकता नहीं रह गई है।
ज्ञापन का वाचन समिति के हेमंत दोराया ने किया। इसमें कहा गया कि सरस्वती मंदिर भोजशाला के समीप बिना अनुमति लगने वाला व्यापारिक मेला मंदिर और दर्शनार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील है। इसलिए उर्स और मेले पर प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi