भोपाल में नल के पानी में ई-कोलाई मिलने पर भड़के कांग्रेस पार्षद, कमिश्नर से की कार्रवाई की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में नल के पानी की जांच में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद पेयजल व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। मंगलवार को कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात कर निगम अधिकारियों पर लोगों को दूषित पानी पिलाने का आरोप लगाया। पार्षदों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और पूरे जल वितरण तंत्र की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान सहित अन्य पार्षदों ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वैशाली नगर में पेयजल की जांच के दौरान ई-कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि होना गंभीर मामला है। जल गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही बरती गई है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो सकता है।
बता दें कि 14 नवंबर को वैशाली नगर में नल से आने वाले पानी की जांच में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिला था। सरकारी लैब की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद कॉलोनी के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया। अब ये परिवार बाजार से बोतलबंद पानी खरीदकर इस्तेमाल कर रहे हैं।
दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
पार्षदों ने कमिश्नर से पेयजल व्यवस्था में बरती गई कथित अनियमितताओं की जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि केवल वैशाली नगर ही नहीं, बल्कि पूरे जल वितरण तंत्र की जांच कराई जानी चाहिए, ताकि दूषित पानी की आपूर्ति की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान हो सके। साथ ही लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग भी की गई।
निगम ने बढ़ाई सैंपलिंग, अपर आयुक्त कर रहे निगरानी
मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने वैशाली नगर में पानी की सैंपलिंग बढ़ा दी है। अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। वे जलकार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्षेत्र में पहुंचे तथा अलग-अलग घरों से पानी के नमूने लिए। निगम अमले ने मकान नंबर 129, 127, 118, 117, 115, 109, 100, 34, 33, 15 और 02 से कुल 11 नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेजे हैं। इससे पहले 14 नवंबर को 16 और 15 नवंबर को भी 16 सैंपल लिए गए थे।
नगर निगम का दावा है कि मौके पर किए गए परीक्षण में पानी स्वच्छ पाया गया। निगम के अनुसार, पानी में दुर्गंध नहीं मिली और पर्याप्त मात्रा में अवशिष्ट क्लोरीन (रेसीड्यूल क्लोरीन) मौजूद थी। हालांकि, लैब की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भोपाल में पहले भी सामने आ चुका है मामला
भोपाल में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने का यह पहला मामला नहीं है। गैस फैक्ट्री के आसपास और ईदगाह क्षेत्र के नियामतपुर में भी दूषित पानी की समस्या सामने आती रही है। वर्ष 2022 में क्लोरीनेशन के बावजूद पानी में बैक्टीरिया मिलने की बात सामने आई थी। उस समय भी नगर निगम की जल गुणवत्ता जांच और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे