Live VNS

भोपालः 17 साल का इंतजार खत्म, बेथलेहेम नगर सोसाइटी के करीब 150 परिवारों को मिला प्लॉटों का कब्जा

भोपालः 17 साल का इंतजार खत्म, बेथलेहेम नगर सोसाइटी के करीब 150 परिवारों को मिला प्लॉटों का कब्जा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- कलेक्टर के निर्देशन में एसडीएम सोनकिया ने कराया सीमांकन, सोसाइटी ने धन्यवाद पत्र भेजकर जिला प्रशासन का जताया आभार

भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बेथलेहेम नगर सोसाइटी के करीब 150 परिवारों को 17 साल बाद अपने प्लॉटों का कब्जा मिल गया है। प्लॉटों की रजिस्ट्री पहले ही हो चुकी थी, लेकिन जमीन पर उनकी सीमाएं तय न होने से परिवारों को कब्जा नहीं मिल पाया था।

जिला प्रशासन ने प्लॉटों का सीमांकन कराकर पंजीकृत मालिकों को कब्जा दिलाया। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में एसडीएम विनोद सोनकिया ने प्रकरण में कार्रवाई की। सीमांकन के दौरान प्रत्येक प्लॉट की हद तय की गई और संबंधित परिवारों को उनके प्लॉट सौंपे गए। इससे वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हुआ।

बेथलेहेम नगर सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मैथ्यू अब्राहम ने गुरुवार को एसडीएम विनोद सोनकिया को धन्यवाद पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि कलेक्टर और एसडीएम की पहल से करीब 150 परिवारों को अपने प्लॉटों का कब्जा मिल सका। सोसाइटी ने प्रभावित परिवारों की ओर से जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की और आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…