भोपाल में 27 नवंबर से सजेगा विश्वरंग-2026, 21 देशों के प्रवासी साहित्यकार होंगे शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 27 से 29 नवंबर तक विश्वरंग का आठवां संस्करण आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन की थीम ‘प्रवासी उत्सव’ रखी गई है। इसमें 21 देशों के प्रवासी साहित्यकार, शिक्षाविद, भाषाविद और संस्कृतिकर्मी जुटेंगे। तीन दिन तक हिंदी की वैश्विक पहचान, प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा-संस्कृति, साहित्य, अनुवाद और डिजिटल दौर में हिंदी की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
आयोजन के विभिन्न कार्यक्रम रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर और रवीन्द्र भवन के हंस ध्वनि सभागार में होंगे। उत्सव का समापन 29 नवंबर को राजस्थान के 40 मांगणियार कलाकारों की चर्चित सांगीतिक प्रस्तुति ‘द मांगणियार सेडक्शन’ के साथ होगा।
गुरुवार को राजधानी भाेपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में विश्वरंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने आयोजन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि विश्वरंग भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय संवाद का मंच बन चुका है। आठवें संस्करण में प्रवासी भारतीयों को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। इसमें विदेशों में हिंदी की स्थिति, नई पीढ़ी के बीच भाषा और सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने की चुनौतियों तथा भारतीय साहित्य के वैश्विक प्रसार पर चर्चा होगी। प्रेस वार्ता में विश्वरंग के सह-निदेशक डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, डॉ. जवाहर कर्नावट, विनय उपाध्याय और कुणाल सिंह मौजूद रहे।
सात साहित्यकारों और भाषाविदों को मिलेगा विश्वरंग भाषा सम्मान
27 नवंबर को उद्घाटन समारोह में हिंदी और भारतीय भाषाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने में योगदान देने वाली सात हस्तियों को विश्वरंग भाषा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया की मृदुल कीर्ति, डेनमार्क की अर्चना पैन्यूली और उज्बेकिस्तान की निलुफर खोद्जायेवा का चयन किया गया है। भारत से पुणे के दामोदर खड़से, केरल के वी.जी. गोपालकृष्णन और नई दिल्ली के अनिल जोशी को भी सम्मानित किया जाएगा।
27 नवंबर : उद्घाटन, सम्मान और अंतरराष्ट्रीय विमर्श
पहले दिन रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर में विश्वरंग का शुभारंभ होगा। इस दौरान सात हस्तियों को भाषा सम्मान देने के साथ अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। ध्रुपद गुरुकुल के करीब 20 भारतीय और विदेशी कलाकार वैदिक ऋचाओं तथा हिंदी कविताओं का सामूहिक गायन करेंगे। पहले दिन प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा और पहचान, हिंदी मीडिया, सांस्कृतिक कूटनीति, डिजिटल युग में हिंदी और प्रवासी साहित्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
28 नवंबर : हिंदी शिक्षण, अनुवाद और अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन
दूसरे दिन विदेशों में हिंदी शिक्षण, देवनागरी लिपि का मानकीकरण, भारतीय भाषाओं के अनुवाद, हिंदी का आर्थिक परिदृश्य और भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषयों पर सत्र होंगे। शाम को अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, कतर, कनाडा सहित विभिन्न देशों के कवि और भारतीय रचनाकार अपनी कविताएं सुनाएंगे।
प्रवासी साहित्यकारों और वरिष्ठ शायरों की किताबें होंगी जारी
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान 21 देशों के प्रवासी साहित्यकारों की पुस्तकों के साथ 10 वरिष्ठ शायरों की किताबों का विमोचन भी किया जाएगा। इनमें बासित भोपाली, शेरी भोपाल, कैफ भोपाली और असद भोपाली की पुस्तकें शामिल हैं। इसके जरिए प्रवासी साहित्य और हिंदी-उर्दू की साहित्यिक विरासत को मंच मिलेगा।
29 नवंबर : 40 मांगणियार कलाकारों की सांगीतिक प्रस्तुति से समापन
विश्वरंग के अंतिम दिन 29 नवंबर को रवीन्द्र भवन के हंस ध्वनि सभागार में राजस्थान के 40 मांगणियार कलाकार ‘द मांगणियार सेडक्शन’ की प्रस्तुति देंगे। निर्देशक रॉयस्टन एबेल के निर्देशन में होने वाली यह प्रस्तुति उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसी दिन स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी में कक्षा 3 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आठवीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे