Live VNS

‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ : देश-विदेश के 60 शहरों से पहुंचे संग्रहकर्ता

‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ : देश-विदेश के 60 शहरों से पहुंचे संग्रहकर्ता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बीकानेर, 13 नवंबर (हि.स.)। इतिहास, संस्कृति और धरोहर को सहेजने तथा नई पीढ़ी को मुद्रा संग्रहण एवं मुद्राशास्त्र से परिचित करवाने के उद्देश्य से बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का शुक्रवार को गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन अग्रवाल भवन में भव्य शुभारंभ हुआ।

आयोजक किशनलाल सोनी ने बताया कि महोत्सव में देश-विदेश के लगभग 60 शहरों से आए संग्रहकर्ताओं एवं मुद्रा विशेषज्ञों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर प्राचीन भारतीय मुद्राओं, ब्रिटिशकालीन सिक्कों एवं नोटों, देशी-विदेशी करेंसी तथा दुर्लभ ऐतिहासिक मुद्राओं का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है। संग्रहकर्ताओं द्वारा स्थानीय लोगों को इन मुद्राओं के ऐतिहासिक महत्व, विशेषताओं एवं बाजार मूल्य की जानकारी भी दी जा रही है। विशेष बात यह है कि बीकानेर के स्थानीय संग्रहकर्ता भी अपने निजी संग्रह के साथ महोत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहे हैं।

महोत्सव का उद्घाटन शहर के महापौर अनिल कल्ला, जिला कलेक्टर निशांत जैन, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों के संग्रह को देखकर विशेष रुचि दिखाई।

महोत्सव का विशेष आकर्षण बांग्लादेश से आए संग्रहकर्ता मोहम्मद कमरूल इस्लाम रहे, जिन्होंने भारत एवं हिंदुत्व से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन किया तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बीकानेर के प्रशासनिक अतिथियों को बांग्लादेश के कुछ सिक्के एवं करेंसी नोट स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किए। पहले ही दिन लगभग 2,500 लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विशेष रूप से ब्रिटिशकालीन करेंसी नोटों एवं सिक्कों के संग्रह ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि प्रथम दिन चार विद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थी भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। विद्यार्थियों ने विभिन्न ऐतिहासिक सिक्कों एवं नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त की और मुद्रा संग्रहण के महत्व को समझा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शाम को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सिक्कों एवं नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। आमजन को ऐसे फर्जी ऑनलाइन ऑफर्स एवं ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…