Live VNS

बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स : सबिता टोप्पो ने बाधा दौड़ में जीता स्वर्ण, भारत के खाते में 30 पदक

बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स : सबिता टोप्पो ने बाधा दौड़ में जीता स्वर्ण, भारत के खाते में 30 पदक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भुवनेश्वर, 26 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा की उभरती एथलीट और खेलो इंडिया की खिलाड़ी सबिता टोप्पो ने गुरुवार को यहां कलिंगा स्टेडियम में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला 100 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण पदक जीतकर घरेलू दर्शकों को झूमने का मौका दिया। सबिता ने 13.86 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि भारत की ही शाइनी ग्लैडसिया ने 14.03 सेकंड के साथ रजत पदक जीता। श्रीलंका की पीजीएमएस गुनाथिलका 14.34 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही भारतीय दल के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई, जिसमें 14 स्वर्ण, 12 रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। श्रीलंका चार स्वर्ण, पांच रजत और 12 कांस्य सहित 21 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश एक रजत और एक कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर है। नेपाल के खाते में एक रजत पदक है, जबकि भूटान और म्यांमार अभी तक पदक नहीं जीत सके हैं।

महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में शुरुआत में दो बार गलत स्टार्ट हुआ। दूसरी बार गलत शुरुआत के कारण ओडिशा की सुमाया जमान को प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। इसके बाद पांच खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सबिता ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और आसानी से स्वर्ण पदक जीत लिया। 21 वर्षीय सबिता ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण को दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं है, लेकिन स्वर्ण पदक उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए बेहतर तैयारी की प्रेरणा देगा। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13.75 सेकंड है, जो उन्होंने जून 2026 में कटक में सीनियर राज्य चैंपियनशिप के दौरान किया था।

भारत के लिए दिन का पहला स्वर्ण पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में रोशन शेख ने जीता। उन्होंने 14.15 सेकंड का समय लिया। श्रीलंका के संदुन कोशल विजयरत्ने 14.37 सेकंड के साथ दूसरे और भारत के राहुल रितिक 14.48 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा में भारत के वैभव ने 51.97 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। भारत के ही भरतप्रीत सिंह 49.63 मीटर के प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि श्रीलंका के बोजिथ गुनासेकरा को कांस्य पदक मिला।

महिला त्रिकूद में भारत की साधना रवि ने 13.24 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। बांग्लादेश की स्वप्ना खातून 13.22 मीटर के साथ दूसरे और श्रीलंका की एलएसडब्ल्यू अराच्ची 12.96 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। महिला 400 मीटर दौड़ में तनु चौधरी ने 53.87 सेकंड के समय के साथ भारत को स्वर्ण दिलाया। महिला 1500 मीटर में प्राची देवकर ने 4 मिनट 31.48 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि इसी स्पर्धा में भारत की राशि को रजत मिला।

महिला भाला फेंक में पूनम ने 53.86 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता और दुर्वा शेवाले ने 46.96 मीटर के साथ रजत अपने नाम किया। पुरुष 5000 मीटर दौड़ में गौरव भास्कर भोसले ने 14 मिनट 42.84 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। श्रीलंका के प्रवीण सलामुथु ने पुरुष 400 मीटर दौड़ में 46.74 सेकंड के साथ स्वर्ण जीतकर अपने देश का खाता बढ़ाया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…