Live VNS

वाराणसी में पक्षियों की तस्करी, 650 प्रतिबंधित तोते मिले, बिहार के तीन तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी में पक्षियों की तस्करी, 650 प्रतिबंधित तोते मिले, बिहार के तीन तस्कर गिरफ्तार

BK Pathak ·

वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गोलगड्डा के पास पिकअप समेत पकड़ा

60 एलेक्जेंड्रिन और 590 अन्य तोते मिले, मिर्जापुर-चंदौली के जंगलों से खरीदकर शहरों में बेचते थे तस्कर

वाराणसी। वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए बिहार के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 650 जीवित प्रतिबंधित पक्षी बरामद किए गए हैं। इनमें 60 एलेक्जेंड्रिन तोते और 590 अन्य तोते शामिल हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप के साथ सात लोहे के पिंजड़े और दो झोले भी बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वन एवं वन्यजीव विभाग की ओर से वन्यजीवों के अवैध शिकार और व्यापार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभागीय वनाधिकारी, वाराणसी और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि गोलगड्डा के पास पिकअप से प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने 19 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे गोलगड्डा के पास छापेमारी की। मौके पर पिकअप संख्या 2889 से पक्षियों का अवैध कारोबार किए जाने की तैयारी चल रही थी। टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर उसमें सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान सात लोहे के जालीदार पिंजरों और दो झोलों में 650 जीवित पक्षी मिले। इनमें 60 एलेक्जेंड्रिन तोते और 590 अन्य तोते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पटना निवासी मो. समीम (पिकअप चालक), मो. नासीर और आफताब के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों से शिकारियों के माध्यम से पक्षियों को खरीदते थे। इसके बाद उन्हें विभिन्न शहरों में सप्लाई किया जाता था। वन विभाग के अनुसार, इस गिरोह का सरगना मो. सलीम है, जो अवैध कारोबार का संचालन करता था।

बरामद पक्षी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत प्रतिबंधित हैं। मामले में अधिनियम की धारा 2, 9, 39, 48(क), 48(ख), 50 और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 20 नवंबर की सुबह न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में वन विभाग की टीम के साथ वन क्षेत्राधिकारी राजकुमार गौतम, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राहुल बलवंत और वन रक्षक अल्का चौरसिया शामिल रहीं।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…