बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के साथ मुगलों से भी किया संघर्ष : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जबलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय समाज के वीर योद्धाओं ने केवल अंग्रेजों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि मुगलों के विरुद्ध भी संघर्ष किया। उन्होंने स्वधर्म, संस्कृति, अस्मिता और देश की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आदिवासी नायकों की ऐसी गौरवशाली श्रृंखला है, जिनका संघर्ष आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री शनिवार को सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अधारताल स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल जल, जंगल और जमीन तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने जनजातीय समाज की पहचान, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भी लड़ाई लड़ी। स्वाभिमान से बड़ा कोई धन और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं होता। अंग्रेजों की विशाल सत्ता के सामने भी बिरसा मुंडा ने अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है कि आज हम उनके बलिदान और योगदान को स्मरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देशभर में जनजातीय नायकों के सम्मान में विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी मंत्रालय से लेकर जिला, ब्लॉक और छात्रावास स्तर तक पूरे सप्ताह जनजातीय महापुरुषों को याद किया जा रहा है। इसी क्रम में जबलपुर से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को जनजातीय नायकों के सम्मान की बात सहजता से स्वीकार नहीं होती। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने देश के अमर शहीदों और जनजातीय महापुरुषों के योगदान को भुला दिया। बिरसा मुंडा की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके संघर्ष, बलिदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनजातीय नायकों के सम्मान और उनकी विरासत को संरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। जबलपुर में रानी दुर्गावती के नाम पर पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, जबकि दमोह में राजा संग्राम शाह के नाम पर कैबिनेट की बैठक हुई। राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने टंट्या मामा, राजा भभूत सिंह, भीमा नायक, दादा नायक और बादल भोई के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वीर योद्धाओं ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय दिया। टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया गया है, वहीं राजा भभूत सिंह की स्मृति को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के आसपास के क्षेत्र में पहचान दी गई है। इन महापुरुषों का त्याग और संघर्ष जनजातीय समाज के स्वाभिमान का प्रतीक है।
प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सरकार, भाजपा संगठन और समाज के संयुक्त प्रयासों से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी जिलों में सांस्कृतिक जुलूस निकाले जाएंगे। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। 15 नवंबर को विद्यालयों और छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी।
वहीं, 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। जनजातीय विकासखंडों के स्कूलों और छात्रावासों में विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय नायकों के शौर्य, बलिदान और देश के प्रति योगदान की जानकारी दी जाएगी।
भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने के साथ जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन चलाया था। छोटा नागपुर क्षेत्र में आदिवासियों की भूमि को गैर-जनजातीय लोगों द्वारा कानूनी अनुमति के बिना खरीदे जाने पर रोक लगाने वाले भूमि संरक्षण कानून के निर्माण में उनके आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिरसा मुंडा का संघर्ष जनजातीय अस्मिता, अधिकारों और सांस्कृतिक स्वाभिमान की रक्षा का ऐतिहासिक अध्याय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक