जयंती पर याद की गईं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)।
देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमिटी, भागलपुर के तत्वावधान में कांग्रेस भवन, दीपनगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने देश के प्रति इंदिरा गांधी के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति की ऐसी महान विभूति थीं, जिन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व, अदम्य साहस और दूरदर्शिता से भारत को वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई। नेताओं ने कहा कि इंदिरा जी ने अपने कार्यकाल में देश की एकता और अखंडता को सदैव सर्वोपरि रखा तथा गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्य रूप से भागलपुर प्रभारी राहुल सिंह चौहान, पूर्णिया ग्रामीण प्रभारी अमित आनंद, पूर्व उपाध्यक्ष मुजफ्फर अहमद, पटना ग्रामीण सह प्रभारी राजेश रंजन, शालिनी मिश्रा, ओबीसी प्रकोष्ठ की महासचिव प्रतिमा यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरिधर राय, प्रमोद जी, डॉ. प्रदीप सिंह, बेनी माधव, पुष्पराज, कहलगांव युवा कांग्रेस अध्यक्ष नीरज कुमार, अमन मिनाटी और अभिनंदन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर