मनाई गई देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की जयंती

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती शनिवार को बिहपुर प्रखंड स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इबरार आलम ने की, जबकि संचालन पूर्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रोहित आनंद शुक्ला ने किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. विजय चौधरी, राहुल गांधी विचार मंच के राष्ट्रीय सचिव सह वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवीन शर्मा, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सोनू ईश्वर, नवगछिया अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शेख हस्बुल, युवा कांग्रेस बिहपुर विधानसभा अध्यक्ष प्रणव श्रीवास्तव, युवा कांग्रेस नेता चांद अजीज उर्फ फलक अजीज, पूर्व युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फिरोज आलम, मोहम्मद शाहिद, सदानंद दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रो. विजय चौधरी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माण के प्रमुख शिल्पकार थे। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं, वैज्ञानिक सोच, शिक्षा और औद्योगिक विकास को मजबूत आधार प्रदान किया। आज की पीढ़ी को उनके विचारों और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवीन शर्मा ने कहा कि नेहरू जी ने स्वतंत्र भारत को लोकतांत्रिक और प्रगतिशील दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सपना था कि भारत शिक्षा, विज्ञान और विकास के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने। उनके विचार आज भी देश के लिए प्रासंगिक हैं।
पूर्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रोहित आनंद शुक्ला ने कहा कि नेहरू जी बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और उनका मानना था कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया। इसके बाद वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रामवृक्ष कुमार के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर