बिसलेरी ने पश्चिम बंगाल में कोलीफॉर्म मिलने के मामले में एफएसएसएआई से समीक्षा की मांग की

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। बोतलबंद पेयजल विनिर्माता कंपनी बिसलेरी ने पानी की जांच को लेकर समीक्षा की मांग की हैं। बिसलेरी ने शनिवार को कहा कि दो मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की स्वतंत्र जांच में पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए हैं।
कंपनी ने जारी एक बयान में खाद्य नियामक भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से प्रयोगशाला के निष्कर्षों में अंतर के कारणों की जांच करने का आग्रह किया है। बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड का यह बयान एफएसएसएआई के उस ताजा आदेश के बाद आया है, जिसमें पश्चिम बंगाल से लिए गए एक नमूने के प्रयोगशाला की जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।
दरअसल, जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित कंपनी की विनिर्माण इकाई से लिए गए एक नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया था। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित तेलीपाड़ा प्लांट के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बैच (PB201) में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के मामले में बिसलेरी ने एफएसएसएआई से जांच रिपोर्टों की समीक्षा की मांग की है।
एफएसएसएआई के ताजा आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए बिसलेरी ने कहा है कि उसने नियामक के निर्देश पर अपने बोतलबंद पेयजल के उक्त बैच को पहले ही बाजार से वापस मंगा लिया था, जिस पर 12 अगस्त, 2026 को प्रतिबंध लगाया गया था। कंपनी ने कहा कि उसी बैच के नमूनों की स्वतंत्र जांच में अलग परिणाम सामने आए हैं।
कंपनी ने कहा, ”बिसलेरी ने अलग से एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में उसी बैच के नमूनों की स्वतंत्र जांच कराई, जिसमें पाया गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए लागू मानक और अन्य सभी लागू खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा करता है।”
इसके अलावा, एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक अन्य स्वतंत्र प्रयोगशाला में जांचे गए नमूनों की रिपोर्ट में भी कहा गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए लागू मानक के अनुरूप है।
बिसलेरी ने कहा, ”नियामकीय और स्वतंत्र जांच के निष्कर्षों के बीच अंतर की गहन समीक्षा किए जाने की जरूरत है।” कंपनी ने एफएसएसएआई से नमूना लेने की प्रक्रिया, परीक्षण पद्धति, प्रयोगशाला निष्कर्षों और परिणामों में अंतर के लिए जिम्मेदार किसी भी कारक की जांच करने का आग्रह किया। कंपनी ने उम्मीद जताई कि इस मामले का आकलन ”उन्हीं मानकों के आधार पर” किया जाएगा जो पूरे उद्योग पर लागू होते हैं और वह तथ्यों को स्थापित करने के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करना जारी रखेगी।
इससे पहले, खाद्य नियामक ने गोवा स्थित कंपनी की एक विनिर्माण इकाई से लिए गए नमूने के निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद भी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी।
उल्लेखनीय है कि बिसलेरी इंटरनेशनल भारत की एक प्रमुख बोतलबंद पेयजल निर्माता कंपनी है, जिसका मुख्यालय मुंबई में स्थित है। इसकी शुरुआत 1965 में भारत में हुई थी और 1969 में रमेश चौहान ने इसे खरीदा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर