प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सुशासन और सेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : संजय सरावगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पटना, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शुक्रवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित तिरहुत एवं मिथिला संभाग के सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वयक प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में उनके साथ भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और गरीबों के सशक्तीकरण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति समर्पण के भाव से काम करने वाला संगठन है। संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और सेवा के संकल्प को आत्मसात करते हुए जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ कार्यकर्ताओं की क्षमता एवं कार्यकुशलता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन और सांगठनिक जिम्मेदारियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने जनसेवा को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, संभाग प्रभारी सह प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, तिरहुत प्रभारी सह प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, मिथिला प्रभारी पवन जायसवाल, विभिन्न जिलों के भाजपा अध्यक्ष, विधायक, विधान परिषद सदस्य एवं बड़ी संख्या में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त