निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनाव में भी जनता देगी भाजपा को समर्थन : श्रवण सिंह बगड़ी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने दावा किया है कि पंचायत चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस तरह निकाय चुनावों में विकास के पक्ष में भाजपा को समर्थन दिया, उसी तरह पंचायत चुनावों में भी पार्टी को बहुमत मिलेगा। पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में काम किया है। पंचायत चुनाव का चौथा और अंतिम चरण शनिवार को पूरा हो गया। भाजपा ने पूरी मजबूती और सकारात्मकता के साथ चुनाव लड़ा है।
बगड़ी ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चयन को लेकर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। भाजपा में प्रत्याशी चयन की व्यवस्थित प्रक्रिया है। वार्ड प्रत्याशियों के चयन में विधानसभा स्तर से लेकर जिला, संभाग और प्रदेश स्तर तक विचार-विमर्श किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत जिला प्रमुख और प्रधान के चयन पर भी सभी स्तरों पर चर्चा और समीक्षा होगी। जिला स्तर के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से राय लेने के बाद संभाग एवं प्रदेश स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन में सामूहिक सहमति से अंतिम निर्णय होगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बगड़ी ने कहा कि भाजपा को बाड़ेबंदी की जरूरत नहीं है। बाड़ेबंदी की संस्कृति हमेशा कांग्रेस की रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पांच साल के कार्यकाल में विधायकों की बाड़ेबंदी की और अपनी कुर्सी बचाने के लिए होटलों से सरकार चलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने जनता की भावनाओं और समस्याओं को समझने का प्रयास नहीं किया।
बगड़ी ने कहा कि भाजपा निश्चित कार्यपद्धति और संगठनात्मक अनुशासन के आधार पर काम करती है। पार्टी में मंडल और जिला स्तर से लेकर विधायक एवं सांसदों तक के प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में नए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण भी जरूरी है, ताकि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम कर सकें और राजस्थान सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सामूहिक प्रयासों से गांवों का विकास सुनिश्चित करने के लिए तैयार करना है। इसके साथ ही उन्हें पार्टी की विचारधारा और संगठन की कार्यपद्धति से जोड़ना भी प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश