ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से भाजपा को कोई फर्क नहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का दावा 2027 में 2017 की होगी पुनरावृत्ति

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से गठबंधन का स्वागत किए जाने और इससे भाजपा को नुकसान होने के दावे पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे गठबंधनों से भाजपा की चुनावी तैयारियों और जनसमर्थन पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 की पुनरावृत्ति होगी और भाजपा 2022 से भी बड़ी तथा मजबूत सरकार बनाएगी।
दलितों के अपमान और उन पर अत्याचार के आरोपों को लेकर भी अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में दलितों का सर्वाधिक शोषण हुआ। उनकी जमीनों पर कब्जे किए गए और महिलाओं का अपमान हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि सपा शासन के दौरान आजम खान की ओर से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भू-माफिया बताने वाला बयान क्या दलित समाज का अपमान नहीं था?
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दलितों के सम्मान और अधिकारों की बात करने वाली समाजवादी पार्टी को पहले अपने शासनकाल के रिकॉर्ड पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार देते हुए भाजपा के समर्थन में जनता का विश्वास बरकरार रहने का दावा किया। वहीं, उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक हिंदुओं के वोट काटे जाने के आरोपों पर अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा के पास इस संबंध में प्रमाण हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग से मामले की गंभीरता से जांच कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामले में तथ्यों के आधार पर जांच होनी चाहिए।