सिरसा ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पंजाब सरकार के दावे पर उठाए सवाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार की ओर से जारी आंकड़ों पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सवाल उठाए हैं। सिरसा ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने 632 दिनों में नशे से जुड़े मामलों में 94,746 लोगों की गिरफ्तारी का आंकड़ा पेश किया है, लेकिन यह आंकड़ा जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाता। उन्होंने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के बयान का जिक्र करते हुए सरकार के दावे को चुनौती दी।
भाजपा मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिरसा ने आरोप लगाया कि आआपा सरकार नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय छोटे अपराधों में मामले दर्ज कर रही है, ताकि आरोपियों को बाद में जमानत मिल सके। यदि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को वास्तव में नशा तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया होता, तो उन्हें इतनी आसानी से जेल से बाहर आने का मौका नहीं मिलता।
सिरसा ने पंजाब की जेलों की कुल क्षमता का हवाला देते हुए सरकार के गिरफ्तारी संबंधी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब की जेलों में लगभग 26 हजार कैदियों को रखने की क्षमता है, जबकि सरकार 632 दिनों में करीब 94 से 95 हजार लोगों को नशे से जुड़े अपराधों में गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को नशा तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है, तो वे सभी जेलों में क्यों नहीं हैं? उन्होंने दावा किया कि वास्तविक नशा तस्करी के मामलों में आरोपियों के लिए जमानत हासिल करना आसान नहीं होता। उनके अनुसार, सरकार के आंकड़े और जेलों की क्षमता के बीच का अंतर उसकी कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है।
दिल्ली के मंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ छोटी धाराओं में मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे आरोपियों को बाद में जमानत मिल जाती है। सरकार गिरफ्तारी के बड़े आंकड़े पेश करके नशे के खिलाफ कार्रवाई का दावा कर रही है, जबकि वास्तविकता में गंभीर नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय