Live VNS

मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

घर-घर संपर्क कर पात्र युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाएंगे कार्यकर्ता

औरैया, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला की ओर से मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर सोमवार को जिला कार्यालय पर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपते हुए घर-घर संपर्क कर नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का आह्वान किया गया।

मुख्य अतिथि जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए मतदाताओं से संपर्क करें और मतदाता सूची का गहनता से अवलोकन कर छूटे हुए नामों को जुड़वाने का काम करें।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने बूथों पर पहुंचें। विशेष रूप से पात्र युवाओं और मतदाता सूची से छूटे नागरिकों के नाम जुड़वाने का प्रयास करें। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।

इस दौरान औरैया विधानसभा प्रभारी गोपाल मोहन शर्मा, दिबियापुर विधानसभा प्रभारी शिववीर भदौरिया और बिधूना विधानसभा प्रभारी विकास दुबे ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अभियान की कार्ययोजना, बूथ स्तर पर जिम्मेदारियों और संगठनात्मक समन्वय पर चर्चा करते हुए प्रत्येक बूथ पर प्रभावी ढंग से अभियान चलाने का आह्वान किया।

बैठक में अभियान संयोजक अमरचंद राठौर, विशाल शुक्ला, यशवीर सिकरवार, भूरे चौबे, मनु राजपूत, रजनीश पांडेय, ऋषि पांडेय, माधव राजपूत, इन्द्रपाल पाल, प्रेम कुमार गुप्ता, विमल दुबे, दीक्षांत गुप्ता, प्रतीक सिंह, आदर्श ठाकुर, रविन्द्रीय शाक्य, प्रतिमा अवस्थी, मोनू सेंगर, राहुल गुप्ता, देवेंद्र सेंगर, वासुदेव प्रजापति और आशीष दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…