Live VNS

18 नवंबर को पालमपुर में भाजयुमो की बैठक, कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान की बनेगी रणनीति

18 नवंबर को पालमपुर में भाजयुमो की बैठक, कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान की बनेगी रणनीति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा युवा मोर्चा ने अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में 18 नवंबर को पालमपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की रणनीति तैयार की जाएगी।

भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में प्रदेश भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रहेगा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेगा। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, सभी संगठनात्मक जिलों के जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ प्रदेश की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के युवा मोर्चा प्रभारी और मंडल अध्यक्ष भाग लेंगे।

डॉ. शुक्ला ने बताया कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारी पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें बूथ स्तर पर युवाओं की भागीदारी, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की सक्रियता और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल जैसे विषय शामिल रहेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस सरकार के चुनावी वादों, रोजगार, बेरोजगारी और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाने की रणनीति बनाई जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार और प्रदेश के विकास को गति देने सहित कई वादे किए थे, लेकिन जनता को इन वादों के अनुरूप परिणाम नहीं मिले हैं। युवा मोर्चा इन मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगा। इसके तहत जिला और मंडल स्तर पर जनसंपर्क अभियान, युवा संवाद, प्रेस वार्ताएं, धरना-प्रदर्शन और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की नीतियों को लेकर लोगों के बीच जाने की योजना है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि युवा मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ राजनीतिक अभियान चलाएगा। इसके साथ ही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए युवा मोर्चा संगठन की ताकत और जनसंपर्क बढ़ाने पर काम करेगा। उन्होंने बैठक के लिए निर्धारित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 18 नवंबर को पालमपुर पहुंचने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…