Live VNS

मथुरा रिफाइनरी में ‘एयर रेड’ पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित, आपातकालीन तैयारियों का हुआ पूर्वाभ्यास

मथुरा रिफाइनरी में ‘एयर रेड’ पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित, आपातकालीन तैयारियों का हुआ पूर्वाभ्यास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मथुरा, 22 नवम्बर (हि.स.)। संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार देरसायं मथुरा रिफाइनरी में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नागरिक सुरक्षा विभाग के समन्वय से ‘एयर रेड’ पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

रविवार शाम करीब 06 बजे सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम से संदेश मिलने के बाद फायर कंट्रोल रूम से दो मिनट का सायरन बजाकर रेड अलर्ट घोषित किया गया। इसके बाद प्रशासनिक भवन और आसपास के क्षेत्र में लाइटें बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। मॉक ड्रिल के दौरान घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू, घायलों के रेस्क्यू, ट्रायेज, प्राथमिक उपचार और अन्य आपातकालीन राहत कार्यों का सफल अभ्यास किया गया। निर्धारित ब्लैक आउट अवधि समाप्त होने के बाद ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाकर ग्रीन सिग्नल दिया गया और पुनः लाइटें चालू की गईं। इस दौरान सीआईसी एच.एस. रुखैयार, सीजीएम (टी) अभिनव गोस्वामी, जीएम (ईएमएस) रजनीश तेवारी, डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) और एडीएम नंद प्रकाश मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे पूर्वाभ्यास से वास्तविक आपात स्थिति में एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता बेहतर होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…