Live VNS

जौनपुर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले से बचाव और राहत कार्यों का किया अभ्यास

जौनपुर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले से बचाव और राहत कार्यों का किया अभ्यास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित पुलिस लाइन में रविवार शाम नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल की शुरुआत शाम छह बजे सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन से हुई। शाम 6:05 बजे हवाई हमले की सूचना पर रेड अलर्ट जारी किया गया। दो मिनट तक सायरन बजाया गया और विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों तक पहुंचाने का अभ्यास कराया गया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने पुलिस के सहयोग से दुश्मन के ड्रोन को निष्प्रभावी करने की कार्रवाई का भी प्रदर्शन किया।

शाम 6:10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देते हुए ग्रीन सिग्नल जारी किया गया। इसके बाद घटना नियंत्रण अधिकारी ने स्थिति का आकलन कर नियंत्रण कक्ष को सूचना दी।

ड्रिल के अगले चरण में आग लगने की घटनाओं से निपटने का अभ्यास किया गया। इसमें सिलेंडर, पेट्रोल सहित विभिन्न प्रकार की आग बुझाने, आग में फंसे लोगों को निकालने और फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया गया। स्वयंसेवकों ने घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देने, पट्टी बांधने, टूटी हड्डियों पर स्प्लिंट लगाने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की। इसके अलावा कार में फंसे व्यक्ति को निकालने और होटल की दीवार काटकर घायल को बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।

शाम 6:30 बजे एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों के घटनास्थल पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्यों का नियंत्रण संभालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महिपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चंद तिवारी, चीफ वार्डन नागरिक सुरक्षा डॉ. मनोज वत्स तथा पुलिस लाइन के आरआई डी.डी. दीक्षित मौजूद रहे। नागरिक सुरक्षा टीम के सदस्य दीपक श्रीवास्तव, नेहा जैन, एस.एन. सिंह, डॉ. अंजना सिंह, उर्वशी सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रियाज उल हक, आबिश इमाम, सलमान शेख सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…