Live VNS

जौनपुर में 22 नवंबर को होगा ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले से लेकर राहत-बचाव तक का होगा अभ्यास

जौनपुर में 22 नवंबर को होगा ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले से लेकर राहत-बचाव तक का होगा अभ्यास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को पुलिस लाइन में वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। शाम छह बजे से होने वाले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, बिजली आपूर्ति बंद करने, ड्रोन को निष्क्रिय करने और राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी हिस्सा लेंगी।

मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने संबंधित विभागों को कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निशमन और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है।

नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महीपाल सिंह ने बताया कि 22 नवंबर को शाम छह बजे सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन के साथ अभ्यास शुरू होगा। शाम 6:05 बजे हवाई हमले की चेतावनी के रूप में दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ पुलिस लाइन और आसपास के निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई जाएगी। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक लोगों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों तक पहुंचाने का अभ्यास करेंगे।

इसके बाद ड्रोन को निष्क्रिय करने की कार्रवाई का प्रदर्शन होगा। शाम 6:10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देने के लिए एक ही सुर में दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद घायलों को निकालने, आग बुझाने, प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस तक पहुंचाने का अभ्यास होगा। ऊंची इमारत से जाल के जरिए रेस्क्यू, क्षतिग्रस्त कार का शीशा तोड़कर तथा दीवार काटकर फंसे लोगों को निकालने का भी प्रदर्शन किया जाएगा। शाम 6:30 बजे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभालेंगी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 21 नवंबर को शाम छह बजे पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का पूर्वाभ्यास भी किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि 22 नवंबर को पुलिस लाइन और आसपास के निर्धारित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर घबराएं नहीं। यह कटौती केवल अभ्यास का हिस्सा होगी। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…