Live VNS

सुपौल में ब्लू इकोनॉमी परियोजना का शुभारंभ

सुपौल में ब्लू इकोनॉमी परियोजना का शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुपौल, 26 नवंबर (हि.स.)। महिलाओं एवं वंचित समुदायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सुपौल में गुरुवार को ब्लू इकोनॉमी परियोजना की शुरुआत की गई। पीएचआईए फाउंडेशन की ओर से करुणा जर्मनी के सहयोग से जिला स्तरीय प्रारंभिक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

परियोजना का मुख्य उद्देश्य मखाना की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने, आर्द्रभूमि संरक्षण तथा ग्रामीण महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर समुदायों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करना है।कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद, पीएचआईए फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन, पीएचआईए फाउंडेशन की टेक्निकल एडवाइजर (पॉलिसी एंड पार्टनरशिप) रिचा चौधरी ने किया। उन्होंने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। वहीं, संस्था के बिहार एवं झारखंड स्टेट हेड धीरज होरो ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में संस्था की गतिविधियों और परियोजना की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं, किसानों एवं वंचित समुदायों को आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

इस अवसर पर डीएम सावन कुमार ने कहा कि सुपौल जिले में मखाना उत्पादन एवं इससे जुड़ी आजीविका की अपार संभावनाएं हैं। मखाना जिले की पहचान होने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। वैज्ञानिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं एवं वंचित समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही आर्द्रभूमि एवं जल संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने कहा कि जिले में मखाना आधारित आजीविका को संगठित रूप से आगे बढ़ाने की जरूरत है। यह परियोजना ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का बेहतर माध्यम बन सकती है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर परियोजना को धरातल पर सफल बनाने की अपील की।

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद ने मखाना की वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं मखाना बोर्ड की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण, बेहतर उत्पादन पद्धतियों, अनुसंधान और बाजार से जोड़ने की आवश्यकता बताई। साथ ही मखाना उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य अथवा उचित खरीद मूल्य निर्धारित करने पर भी जोर दिया।

कार्यशाला में कृषि, उद्यान, सहकारिता एवं मत्स्य पालन विभाग के पदाधिकारियों के अलावा नाबार्ड, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) तथा जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने भाग लिया। परियोजना के कार्यक्षेत्र में शामिल सुपौल सदर एवं त्रिवेणीगंज प्रखंडों के अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और जमीनी स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने को लेकर चर्चा हुई।

परियोजना के तहत विशेष रूप से मल्लाह एवं मुसहर समुदाय सहित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इसके माध्यम से मखाना की वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहन देने के साथ आर्द्रभूमि एवं जल संसाधनों का संरक्षण भी किया जाएगा।

यह पहल जिले में मखाना आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, वंचित समुदायों की आय बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के जरिए सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…