Live VNS

कोरबा के टीपी नगर में शराब दुकान के पास मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा के टीपी नगर में शराब दुकान के पास मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोरबा, 12 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के टीपी नगर क्षेत्र में शराब दुकान के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दर्री थाना क्षेत्र के अटल आवास निवासी करीब 40 वर्षीय सुग्रीव रजवार के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सुग्रीव रजवार गैरेज में काम करता था और इसी से अपना जीवनयापन करता था। आज गुरुवार को टीपी नगर स्थित शराब दुकान के पास उसका शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

घटनास्थल सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी प्रभारी सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

सीएसईबी चौकी प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…