बिहारवासियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्रतिबद्धता : निशांत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-बिहार में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती, नवंबर में सैकड़ों प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई-पटना में करीब 18 लाख रुपये का घी जब्त, जहानाबाद में 29 लाख से अधिक के खाद्य पदार्थ नष्ट
पटना, 13 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने शुक्रवार को कहा कि राज्यवासियों को बाजार से स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्रतिबद्धता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, नमूनों का संग्रह, खराब खाद्य सामग्री की जब्ती और उसे नष्ट करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नवंबर माह में अब तक राज्यभर में सैकड़ों खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान पटना सिटी में करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया। पटना के ही एक अन्य प्रतिष्ठान से पांच लाख रुपये का घी और 1.74 लाख रुपये मूल्य का आटा जब्त किया गया। इसके अलावा, पटना के एक कोल्ड स्टोरेज से 6.35 लाख रुपये मूल्य के खजूर तथा 13.29 लाख रुपये मूल्य की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।
निशांत ने कहा कि पटना में तीन प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया है। इन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। जहानाबाद में चार प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। वहां करीब 2.30 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई और जांच के लिए आठ नमूने भी लिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मोतिहारी के तीन प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान करीब 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभाग में आवश्यक मानव संसाधन और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही राज्य में चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने के प्रयास भी जारी हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता से किसी तरह का समझौता न करें। स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है। खाद्य पदार्थों में मिलावट या उनकी गुणवत्ता से खिलवाड़ करना न केवल गैरकानूनी, बल्कि अनैतिक और असामाजिक कृत्य भी है।
उन्होंने कहा कि किसी के स्वास्थ्य को दांव पर लगाकर थोड़ा लाभ कमाने का प्रयास अमानवीय और अधार्मिक है। सभी खाद्य व्यवसायियों को ऐसे कृत्यों से बचना चाहिए और बिहार को स्वस्थ बनाने के अभियान में विभाग का सहयोग करना चाहिए।--------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी