सामाजिक समरसता और पारस्परिक सद्भाव ही समाज की असली ताकत: नीतीश कुमार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना में शामिल हुए नीतीश कुमार
पटना, 11 नवंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी, रोड नंबर-12 में आयोजित भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान चित्रगुप्त के प्रति श्रद्धा निवेदित की और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में नीतीश कुमार ने कहा कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और पारस्परिक सम्मान किसी भी समाज की बुनियादी ताकत हैं। बिहार की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और साझा सामाजिक परंपराओं से रही है। इस विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए समाज के सभी वर्गों के बीच प्रेम, विश्वास और भाईचारे को मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं। सामाजिक समरसता के लिए आयोजित प्रीतिभोज जैसी पहलें जाति और वर्ग के भेद से ऊपर उठकर एक साथ बैठने, सहभागिता और आत्मीयता का संदेश देती हैं। समाज में सद्भाव और सहयोग का वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों और अन्य गणमान्य लोगों ने नीतीश कुमार का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता एवं विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ तथा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक कुमार उपस्थित थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी