Live VNS

स्थापना दिवस समारोह टालना झारखंड के शहीदों का अपमान : प्रवीण प्रभाकर

स्थापना दिवस समारोह टालना झारखंड के शहीदों का अपमान : प्रवीण प्रभाकर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने झारखंड स्थापना दिवस समारोह को टाले जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे राज्य के शहीदों का अपमान बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 1993 में कांग्रेस सरकार को बचाने के लिए सौदेबाजी कर अलग राज्य के गठन का अवसर गंवा दिया था। अब स्थापना दिवस समारोह में बदलाव कर एक बार फिर शहीदों का अपमान किया जा रहा है।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रभाकर ने कहा कि झारखंड के अलग राज्य बनने में आजसू की ऐतिहासिक भूमिका रही है। आजसू के छात्र-युवाओं के आंदोलन के कारण ही केंद्र सरकार को अलग राज्य के मुद्दे पर वार्ता का रास्ता खोलना पड़ा। संगठन ने बिखरे हुए आंदोलन को नई धार, आक्रामक ऊर्जा और निर्णायक नेतृत्व दिया।

उन्होंने कहा कि यदि 1993 में झामुमो सौदेबाजी नहीं करता तो उसी समय झारखंड अलग राज्य बन गया होता। अलग राज्य के आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए आजसू के हजारों कार्यकर्ताओं ने आर्थिक नाकेबंदी, चक्का जाम और जेल भरो अभियान जैसे आंदोलन चलाए। इस दौरान छात्र-युवाओं ने लाठियां खाईं, जेल की यातनाएं सहीं और कई कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी।

प्रभाकर ने कहा कि लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान के बाद ही 15 नवंबर 2000 को अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। ऐसे में स्थापना दिवस समारोह की तिथि या आयोजन में बदलाव करना राज्य निर्माण के संघर्ष और शहीदों के बलिदान के प्रति असम्मान है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…