Live VNS

जीएसटी सुधारों से रोजगार और आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों पर बीएचयू में मंथन, दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में देशभर से शिक्षाविदों, विशेषज्ञों की भागीदारी

जीएसटी सुधारों से रोजगार और आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों पर बीएचयू में मंथन, दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में देशभर से शिक्षाविदों, विशेषज्ञों की भागीदारी

BK Pathak ·

वाराणसी। जीएसटी सुधारों का ग्रामीण एवं शहरी आजीविका और रोजगार पर क्या प्रभाव पड़ रहा है, इस पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) के प्रायोजन में पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र, कला संकाय की ओर से आयोजित संगोष्ठी में कर विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ताओं और शोधार्थियों ने जीएसटी के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए। संगोष्ठी में 55 शोध पत्र प्राप्त हुए हैं और 200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि पूर्व संयुक्त आयुक्त जीएसटी, इटावा रेंज ए.के. बनर्जी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वाणिज्य संकाय के प्रो. अखिल मिश्रा, प्रबंध शास्त्र संस्थान के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी और अधिवक्ता अश्विनी कुमार पाणि उपस्थित रहे। अध्यक्षता कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने की। मुख्य अतिथि ए.के. बनर्जी ने अपने 33 वर्षों के व्यावहारिक अनुभव के आधार पर भारतीय कर प्रणाली के विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बिक्री कर से व्यापार कर, वैट और फिर जीएसटी तक हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए जीएसटी को अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार बताया।

प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आजीविका तथा रोजगार के अवसरों को समझने के लिए जीएसटी सुधारों का अध्ययन बेहद प्रासंगिक है। वहीं, प्रो. आशीष बाजपेयी ने कर भुगतान को देश के बुनियादी ढांचे और व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि उत्पादन और उपभोग एक-दूसरे पर निर्भर हैं। प्रो. अखिल मिश्रा ने कर जागरूकता, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार सृजन पर चर्चा करते हुए कहा कि ग्राहकों को खरीदारी की रसीद लेने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। रसीद लेने से बचने की प्रवृत्ति कर चोरी को बढ़ावा देती है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

अधिवक्ता अश्विनी कुमार पाणि ने जीएसटी के कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए हालिया कर दरों में बदलाव और ग्रामीण विकास, पेशेवरों तथा विभिन्न हितधारकों पर इसके प्रभावों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

एमएसएमई से लेकर गिग वर्क तक पर चर्चा

संगोष्ठी के तकनीकी सत्रों में जीएसटी और भारतीय अर्थव्यवस्था, एमएसएमई, अनौपचारिक क्षेत्र, ग्रामीण उद्यम, शिल्पकार, स्वयं सहायता समूह, शहरी व्यापार, पर्यटन, आतिथ्य, ई-कॉमर्स और गिग वर्क जैसे विषयों पर मंथन हुआ। शनिवार को जीएसटी सुधारों को अधिक समावेशी बनाने के विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। संगोष्ठी का संयोजन प्रो. रत्नशंकर मिश्र ने किया। सह-संयोजक डॉ. बिनायक कुमार दुबे, आयोजन सचिव डॉ. एलबी जायसवाल, डॉ. वैभव और डॉ. श्रुति सिंह तथा संयुक्त आयोजन सचिव राजेश्वर तिवारी शामिल रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…