Live VNS

अनूपपुर: एक दर्जन ग्रामों जोड़ने वाला तिपान नदी का पुल चार साल बाद भी अधूरा

अनूपपुर: एक दर्जन ग्रामों जोड़ने वाला तिपान नदी का पुल चार साल बाद भी अधूरा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अनूपपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्याालय के सामतपुर से ग्राम हर्री-बर्री सहित लगभग एक दर्जन ग्रामों को जोडने वाला तिपान नदी पर बन रहा पुल चार साल से ज्यादा समय बाद भी अधूरा है। बारिश का मौसम बीतने के बाद भी दो स्लैब का काम बाकी है। ठेकेदार ने निर्माण दोबारा अबतक कार्य शुरू नहीं किया है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के लिए छोटा रास्ता है। पुल टूटने के बाद लोगों को दूसरे गांव जाने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है।

सामतपुर-हर्री क्षेत्र में तिपान नदी पर बना पुराना पुल 9 अक्टूबर 2019 को क्षतिग्रस्त होकर बैठ गया था। नदी के हर्री वाले छोर पर पुल का हिस्सा 4-5 फीट नीचे धंस गया था। 2020 में सामतपुर की ओर का दूसरा छोर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोक निर्माण विभाग भोपाल ने पुल बनाने का आदेश 4 अक्टूबर 2021 को जारी किया था। निर्माण 2022 में शुरू हुआ। पुल 367.74 लाख रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। इसकी लंबाई 110 मीटर और चौड़ाई 8.40 मीटर है। पांच स्लैब वाले पुल में अब तक तीन स्लैब बने हैं और दो का काम बाकी है। ठेकेदार को 18 महीने में निर्माण पूरा करना था। उसने बारिश का मौसम शुरू होने से पहले अक्टूबर-नवंबर में काम पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन नवंबर खत्म होने के करीब है और काम फिर शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों के अनुसार पुल सामतपुर से हर्री-बर्री, भगताबांध, पसला, बिजौड़ी, चातरहिया, रक्शा, कोलमी, अमगंवा, छुलकारी और फुनगा समेत दर्जन से ज्यादा गांवों को जोड़ता है। पुल टूटने के बाद से करीब छह साल हो गए हैं और उन्हें दूसरे गांव जाने के लिए लंबा रास्ता लेना पड़ता है।

बर्री निवासी गोविंद प्रसाद नापित ने बताया कि अनूपपुर जाने के लिए उन्हें लगभग पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है, जबकि पुल बन जाने पर यह दूरी घटकर केवल एक किलोमीटर रह जाएगी। इस समस्या से स्थानीय व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और छात्र-छात्राएं रोजाना जूझ रहे हैं।

यह पुल निर्धारित समय में ही पूरा कर लिया जाता, लेकिन दो समस्यों ने इतना ज्यादा समय ले लिया है, उनके अनुसार तिपान नदी में ही पुल के पास नगरपालिका अनूपपुर का डैम बना हुआ है। इसके कारण निर्माण स्थल पर मशीनरी आवाजाही के लिए बना अस्थाई रास्ता बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो जाता है। पानी के बहाव का कारण निर्माण वाले स्लैब के पास तेज धारा बहती है, इसके कम होने में अधिक समय लग जाता है, जबकि दूसरा यहां काम पर मजदूरों की कमी बनी रही।

पुल/सेतु विकास निगम के उपयंत्री जीके चतुर्वेदी ने रविवार को बताया कि ठेकेदार निर्माण कार्य में लापरवाही कर रहा है और काम की गति काफी धीमी है। इसके बावजूद विभाग का प्रयास है कि मार्च महीने तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…