बुद्धघोष के दार्शनिक विचारों और बौद्ध विरासत पर शिमला में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शिमला, 13 नवंबर (हि.स.)। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, राष्ट्रपति निवास शिमला में शुक्रवार को थेरवाद बौद्ध परंपरा के प्रमुख विद्वान एवं दार्शनिक बुद्धघोष के जीवन, विचारों और बौद्ध दर्शन में उनके योगदान पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। ‘बुद्धघोष: एक दार्शनिक, ऐतिहासिक एवं आलोचनात्मक अन्वेषण’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्वान उनके विचारों, रचनाओं और भारतीय दर्शन की बौद्धिक विरासत पर चर्चा कर रहे हैं।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता सांची विश्वविद्यालय ऑफ बुद्धिस्ट-इंडिक स्टडीज के कुलपति प्रो. बिमलेंदु कुमार ने बुद्धघोष के दार्शनिक चिंतन और बौद्ध परंपरा में उनके विशिष्ट स्थान पर विचार रखे। उन्होंने भारतीय दर्शन की विरासत को समझने में बुद्धघोष के ग्रंथों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने उनके योगदान को व्यापक दार्शनिक संदर्भ में देखने और उनके विचारों के विभिन्न पक्षों का गहन अध्ययन करने की आवश्यकता बताई। संस्थान के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने अध्यक्षीय संबोधन में भारतीय दार्शनिक परंपराओं के गंभीर और आलोचनात्मक अध्ययन की प्रासंगिकता पर विचार साझा किए।
सम्मेलन के संयोजक प्रो. बालगणपति देवरकोंडा और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुदीप राज कुमार ने इसके विषय और अकादमिक उद्देश्यों की जानकारी दी। उद्घाटन सत्र का संचालन संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अखिलेश पाठक ने किया।
उन्होंने बौद्ध दर्शन की अवधारणाओं की व्याख्या और व्यवस्थित प्रस्तुति में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। पहले दिन के अकादमिक सत्रों में उनके ग्रंथ 'विशुद्धिमग्ग' में कारणता, समय और निरंतरता से जुड़े दार्शनिक प्रश्नों के साथ मन, भावनाओं और कल्याण संबंधी अवधारणाओं पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं। कुछ विद्वान ऑनलाइन माध्यम से भी भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन के दूसरे दिन बुद्धघोष के जीवन, भाषा, भाष्यकार के रूप में योगदान, बौद्धिक विरासत और तुलनात्मक एवं अंतर-सांस्कृतिक दर्शन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा