Live VNS

बुद्धघोष के दर्शन पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

बुद्धघोष के दर्शन पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान राष्ट्रपति निवास शिमला में बुद्धघोष के दार्शनिक चिंतन, बौद्धिक विरासत और भारतीय दर्शन में उनके योगदान पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शनिवार को संपन्न हुआ। ‘बुद्धघोष: एक दार्शनिक, ऐतिहासिक एवं आलोचनात्मक अन्वेषण’ विषय पर दो दिवसीय आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्वानों, प्राध्यापकों तथा शोधार्थियों ने उनके विचारों और रचनाओं के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की।

सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग के प्रोफेसर बालगणपति देवरकोंडा ने की। संस्थान के फेलो प्रो. संजय भट्ट ने स्वागत संबोधन दिया। सम्मेलन के संयोजक और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुदीप राज कुमार ने दो दिनों के दौरान आयोजित सत्रों और प्रस्तुत शोधपत्रों की रिपोर्ट पेश की। पूर्व फेलो प्रो. (डॉ.) एस. रंगनाथ ने समापन संबोधन दिया। सत्र का संचालन संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अखिलेश पाठक ने किया। राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ सम्मेलन का औपचारिक समापन हुआ।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य थेरवाद बौद्ध परंपरा के प्रमुख विद्वान बुद्धघोष के दार्शनिक योगदान का ऐतिहासिक, वैचारिक और तुलनात्मक दृष्टि से अध्ययन करना था। चर्चा में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि बुद्धघोष को केवल पाली बौद्ध ग्रंथों के भाष्यकार के रूप में देखा जाए या उनके लेखन में स्वतंत्र दार्शनिक चिंतन और नई व्याख्याओं के पहलुओं को भी समझा जाए।

पहले दिन के सत्रों में बुद्धघोष की प्रसिद्ध रचना ‘विशुद्धिमग्ग’ में कारणता, समय और निरंतरता से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मन, भावनाओं, ब्रह्मविहार, माइंडफुलनेस और मानसिक कल्याण से संबंधित उनकी अवधारणाओं पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए।

दूसरे दिन बुद्धघोष के जीवन, भाषा, भाष्य लेखन और बौद्धिक विरासत पर विचार हुआ। विद्वानों ने बौद्ध और गैर-बौद्ध दार्शनिक परंपराओं के संदर्भ में आत्मा, अनात्म, चेतना, समय और नैतिकता जैसे विषयों का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया। उनके लेखन की व्याख्या-पद्धति और प्राचीन दार्शनिक विचारों की आधुनिक संदर्भ में प्रासंगिकता पर भी चर्चा हुई।

सम्मेलन में विद्वानों ने प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…