Live VNS

कैंसर के नए उपचारों और आधुनिक तकनीकों पर जयपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन, 300 चिकित्सा विशेषज्ञ होंगे शामिल

कैंसर के नए उपचारों और आधुनिक तकनीकों पर जयपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन, 300 चिकित्सा विशेषज्ञ होंगे शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.) । कैंसर के उपचार में हो रहे नए शोध, विकसित हो रही दवाओं और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों को भारतीय चिकित्सा दिशानिर्देशों में शामिल करने के उद्देश्य से जयपुर में 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय ‘इंडिया-यूरोपियन कैंसर सम्मेलन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर की ओर से वैश्विक स्वास्थ्य देखभाल अकादमी के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के करीब 300 कैंसर रोग विशेषज्ञ और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े पेशेवर भाग लेंगे।

सम्मेलन का उद्देश्य कैंसर उपचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही वैज्ञानिक प्रगति, नई दवाओं, अनुसंधान और आधुनिक उपचार तकनीकों की जानकारी साझा करना तथा उन्हें भारतीय चिकित्सा पद्धतियों और दिशानिर्देशों में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना है।

सम्मेलन का आयोजन अध्यक्ष डॉ. नरेश सोमानी और सचिव डॉ. जितेंद्र पहलजानी के नेतृत्व में किया जा रहा है। कैंसर रोगों की ऊतक जांच संबंधी कार्यशाला की आयोजन सचिव डॉ. इशिता गुप्ता ने बताया कि इसमें अगली पीढ़ी के अनुक्रमण (एनजीएस) जैसी अत्याधुनिक जांच तकनीकों में हो रही प्रगति की जानकारी दी जाएगी। वहीं, विकिरण चिकित्सा विशेषज्ञ एवं विकिरण उपचार कार्यशाला की सचिव डॉ. मीतू जैन की टीम नई तकनीकों के माध्यम से रेडियोथेरेपी करने की विधियों से अवगत कराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…