Live VNS

पन्ना में क्लच वायर के फंदे में फंसी मिली बाघिन की लाश, गले में कस गया था तार

पन्ना में क्लच वायर के फंदे में फंसी मिली बाघिन की लाश, गले में कस गया था तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

पन्ना, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के जंगल में एक वयस्क बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन कक्ष क्रमांक पी-390 में मिले बाघिन के शव के गले में गुरूवार सुबह क्लच वायर का फंदा कसकर फंसा हुआ था। प्रारंभिक आशंका है कि वन्यजीवों के शिकार के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाए गए फंदे में फंसने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई है।

जानकारी के अनुसार, मनकी गांव के समीप स्थित यह जंगल पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से लगा हुआ है। बाघिन के गले में फंदे से बने घावों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिन पहले तार में फंस गई थी। घायल अवस्था में भटकते हुए वह यहां पहुंची, जहां उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी, पन्ना रेंजर अजय वाजपेई सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फंदा किसने लगाया था और क्या इलाके में दूसरे वन्यजीवों के शिकार के लिए भी ऐसे फंदे बिछाए गए हैं। एक बार फिर इस घटना ने मप्र के जंगलों को लेकर सक्रिय अवैध शिकारियों और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…