Live VNS

उज्ज्वला योजना में फर्जी गैस कनेक्शन का मामला: एजेंसी संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश

उज्ज्वला योजना में फर्जी गैस कनेक्शन का मामला: एजेंसी संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नागदा, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कथित फर्जी गैस कनेक्शन जारी करने और सिलेंडरों के आवंटन में अनियमितता के मामले में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, उज्जैन के न्यायालय ने कृष्णा गैस एजेंसी के वर्तमान संचालक आशीष जैन और पूर्व संचालक प्रियंका शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। न्यायालय ने जिला आपूर्ति नियंत्रक, उज्जैन को नियमानुसार सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

प्रकरण के अनुसार, नागदा निवासी विजयलक्ष्मी विश्वकर्मा के नाम पर वर्ष 2019 में उज्ज्वला योजना के तहत कृष्णा गैस एजेंसी से गैस कनेक्शन जारी किया गया था, जबकि महिला को वास्तविक रूप से कोई कनेक्शन नहीं मिला। इसके बाद भी एजेंसी से महिला के नाम पर 14 गैस सिलेंडर आवंटित किए गए, लेकिन ये सिलेंडर भी उसे प्राप्त नहीं हुए।

मामले की शिकायत महिला के पुत्र बृजेश विश्वकर्मा ने की थी। शिकायत के बाद जांच कमेटी गठित की गई। जांच में शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान एजेंसी के वर्तमान संचालक के यहां आठ अतिरिक्त गैस सिलेंडर भी पाए गए। इसके बाद जिला आपूर्ति नियंत्रक की ओर से न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद कृष्णा गैस एजेंसी के वर्तमान संचालक आशीष जैन और पूर्व संचालक प्रियंका शर्मा के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति नियंत्रक को सौंपी है। साथ ही जांच के दौरान मिले अतिरिक्त गैस सिलेंडरों को राजसात करने के आदेश भी दिए हैं। न्यायालय के निर्णय की प्रतिलिपि इस संवाददाता के पास सुरक्षित है।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…