Live VNS

हिसार में दो वकीलों पर एफआईआर के बाद पुलिसकर्मियों पर भी केस दर्ज

हिसार में दो वकीलों पर एफआईआर के बाद पुलिसकर्मियों पर भी केस दर्ज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बार एसोसिएशन के अल्टीमेटम से पहले पुलिस की कार्रवाई, वकीलों ने 7-8 पुलिसकर्मियों

के नाम दिए

पहले दर्ज मामले में मारपीट, वर्दी फाड़ने और धमकी देने के आरोप

हिसार, 25 नवंबर (हि.स.)। हिसार में ट्रैफिक पुलिस और वकीलों के बीच जिंदल

चौक पर हुआ विवाद अब दोनों पक्षों की कानूनी लड़ाई में बदल गया है। दो वकीलों के खिलाफ

एफआईआर दर्ज होने के बाद वकीलों की शिकायत पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी मामला दर्ज

कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस ने एडवोकेट विशाल यादव और सूरज यादव के खिलाफ मारपीट,

पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने, ड्यूटी में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने सहित

विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। वहीं, वकीलों ने आरोप लगाया है कि 10-12 पुलिसकर्मियों

ने उनके साथ मारपीट की थी। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू

कर दी है।

वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद हिसार बार एसोसिएशन ने कड़ा विरोध

जताते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से मुलाकात की थी। बार एसोसिएशन ने बुधवार दोपहर

तीन बजे तक मारपीट के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अल्टीमेटम

दिया था। बार की ओर से पुलिसकर्मियों के नाम भी शिकायत में दिए गए थे। सह सचिव साहिल

मदेरणा के अनुसार, वकीलों की मांग पर कार्रवाई होने के बाद जनरल हाउस की बैठक बुलाकर

आगे का कदम उठाने का फैसला वापस ले लिया गया। बार प्रधान प्रदीप सिंह बाजिया ने बताया

कि पुलिस ने समय सीमा पूरी होने से पहले ही उनकी शिकायत पर तीन-चार नामजद पुलिसकर्मियों

और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, उन्हें एफआईआर की प्रति अभी नहीं

मिली है।

मामले के अनुसार 24 नवंबर की शाम जिंदल चौक पर कार रोकने को लेकर होमगार्ड

जवान राजबीर और दो वकीलों के बीच विवाद हुआ था।

पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार

होमगार्ड राजबीर की ड्यूटी दोपहर एक बजे से रात नौ बजे तक जिंदल चौक पर थी। शाम करीब

छह बजे जिंदल अस्पताल की तरफ से टेंपरेरी नंबर की एक कार आई। चालक ने ड्यूटी प्वाइंट

के पास अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे होमगार्ड जवान बाल-बाल बचा। राजबीर के अनुसार जब

उसने चालक को रुकने का इशारा किया तो वह नशे की हालत में कार से उतरा और उसकी गर्दन

पकड़ ली। आरोप है कि चालक ने गाली-गलौज करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी और जान से मारने

की धमकी दी। उसने खुद को वकील बताते हुए अन्य वकीलों को बुलाकर सबक सिखाने की बात भी

कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…