Live VNS

पोंजी योजना के मामले में वांछित यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जपिचेंको रोमानिया से भारत लाया गया

पोंजी योजना के मामले में वांछित यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जपिचेंको रोमानिया से भारत लाया गया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के धनशोधन मामले में वांछित यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जपिचेंको को रोमानिया से प्रत्यर्पित कर मंगलवार को भारत लाया गया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और ईडी के समन्वय से यह कार्रवाई की। आरोपी को मुंबई लाया गया है।

सीबीआई के अनुसार, जपिचेंको के खिलाफ ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया था। वह अन्य आरोपितों के साथ मिलकर निवेशकों को प्रति सप्ताह छह से 11 प्रतिशत तक भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने के आरोप में वांछित था।

जांच में सामने आया कि संबंधित कंपनी बहुस्तरीय विपणन (एमएलएम) आधारित पोंजी योजना चला रही थी। कंपनी ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की आवश्यक अनुमति के बिना निवेशकों से बड़ी मात्रा में नकदी एकत्र की थी। निवेशकों से जुटाई गई रकम को हवाला के विभिन्न माध्यमों से भेजा गया और बाद में उससे यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी खरीदी गई।

सीबीआई के अनुसार जपिचेंको निवेशकों से जमा कराई गई नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने की प्रक्रिया में सीधे शामिल था। बड़े पैमाने पर नकदी के लेन-देन की व्यवस्था करने में उसकी भूमिका भी सामने आई थी।

ईडी के अनुरोध पर सीबीआई की नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (एनसीबी) ने इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद रोमानिया में उसकी लोकेशन का पता लगाकर वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया। भारत ने रोमानियाई अधिकारियों को प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रोमानिया ने उसे भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी।

ईडी की एस्कॉर्ट टीम रोमानिया पहुंची और वहां आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। इसके बाद टीम उसे लेकर मंगलवार को मुंबई पहुंची।

सीबीआई ने बताया कि भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में वह भारत की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल के माध्यम से समन्वय करती है। वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से समन्वय कर 280 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…