कौशल आधारित शिक्षा समय की आवश्यकता: वर्मा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। पीएम श्री योजना के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय क्र.1 वायुसेना जोधपुर में पीएम हैंड्स-ऑन स्किल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता एवं कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करना रहा।
आयोजित गतिविधियों में सामान्य साइकिल मरम्मत कार्य से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए विभिन्न औजारों एवं तकनीकों का व्यवहारिक अभ्यास किया। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और कार्यकुशलता का विकास हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कौशल आधारित शिक्षा समय की आवश्यकता है।
इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाती हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं। कार्यक्रम के संयोजक जगदीश लोहार के निर्देशन में ये गतिविधि सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुईं। पीएम श्री योजना के प्रभारी घनश्याम चितारा ने योजना के उद्देश्यों एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक चंदनमल परमार, मुकेश सुथार, सतपाल सिंह, नेतल, मालाराम आदि भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार की कौशल आधारित गतिविधियों को भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश