संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय -अरुण साव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रायपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को भाजपा कार्यालय (एकात्म परिसर) में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब जानते हैं, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था । यह संविधान 2 वर्ष, 11महीने और 18 दिन में तैयार हुआ था। संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिवस को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय किया।
श्री साव ने कहा कि जब हमने संविधान को अपनाया, तो उसे हमारे इतिहास से दूर कर दिया गया था, जिसे 2015 से फिर से प्रारंभ कर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संविधान के प्रति और बाबा साहेब अम्बेडकर के प्रति अपनी कृतज्ञता और सम्मान को व्यक्त किया है। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को स्मरण करना और उन विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य उनके विचारों को स्मरण करना और उन विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है। संवैधानिक मूल्यों, मौलिक कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति जनता में जागरूकता आए, इसी ध्येय को लेकर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। श्री साव ने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि जिन्होंने आधुनिक भारत का सपना देखा और अपने सभी सदस्यों के अमूल्य सुझावों को समाहित करते हुए संविधान का निर्माण किया और जिन-जिन लोगों ने संविधान के निर्माण में योगदान किया है, उन सभी को नमन और प्रणाम है। आज भारत का संविधान दुनिया का श्रेष्ठ संविधान है और यह केवल कानूनों का संग्रह नहीं है, वास्तव में यह भारत की आत्मा को प्रतिबिंबित करता है, यह हमारे देश की 140 करोड़ जनता की आत्मा है, जो संविधान के रूप में हम सबके सामने है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि यह संविधान हमें अधिकार देता है, तो अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसी बड़ी आजादी दी है, तो उसमें मर्यादा भी बताई गई है। हमारे संविधान की प्रस्तावना की शुरुआत के शब्द हम भारत के लोग हमें यह एहसास कराते हैं कि भारत की ताकत इसकी विविधता में है। यह बड़ी महत्वपूर्ण बात है। यही हमें दुनिया के दूसरे देशों से अलग और बेहतर बनाती है। आज की वैश्विक स्थिति में पूरे विश्व की नजर भारत पर है और यह केवल और केवल भारत के संविधान की ताकत है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के आदर्शों के आधार पर न्यू इंडिया के निर्माण का, विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेकर उसे पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। कांग्रेस के दो-दो प्रधानमंत्रियों ने खुद को भारत रत्न दिया पर बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया। देश में जब भाजपा समर्थित सरकार बनी, तब जाकर डॉ. अम्बेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बाबा साहेब को सम्मान देने के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि बाबा साहेब को नमन किया, श्रद्धांजलि दी, बाबा साहेब से जुड़े पंच तीर्थ का विकास प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने किया। बाबा साहेब की जन्म भूमि पर स्मारक का निर्माण कराया, लंदन में उनकी शिक्षा भूमि पर डॉ. अंबेडकर मेमोरियल का निर्माण कराया, नागपुर में दीक्षा भूमि का कायाकल्प किया, मुंबई में चैत्य भूमि पर समाधि स्थल का निर्माण कराया, दिल्ली में महापरिनिर्वाण भूमि पर नेशनल मेमोरियल का निर्माण कराया। यह सब बाबा साहेब को सम्मान देने का काम है। हम सब इस बात को जानते हैं कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर संविधान में अनुच्छेद 370 बिल्कुल नहीं चाहते थे, उसके विरोधी थे और संविधान से अनुच्छेद 370 को समाप्त करके मोदी सरकार ने ही पूरा किया। पहली बार श्री मोदी के प्रयास से यूएनओ में डॉ. अम्बेडकर की 125वीं जयंती मनाई गई। भीम ऐप भी बाबा साहेब को समर्पित रहा है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 2015 में जब संविधान दिवस मनाने का निर्णय नरेंद्र मोदी की सरकार ने लिया, तब भी कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। इससे पहले बाबा साहेब की 125वीं जयंती का भी कांग्रेस पार्टी ने विरोध किया था। देश और संविधान से जुड़ी किसी भी बात में जिसमें उस एक विशेष परिवार - गांधी-नेहरू परिवार का नाम नहीं होता है, उसका विरोध करते हैं। जिस संविधान निर्माता का जिस पार्टी ने सम्मान न किया हो, उस पार्टी से अपेक्षा कैसे करोगे कि वह संविधान का सम्मान करेगी। संविधान का अपमान बार-बार किसी राजनीतिक दल ने किया है, तो उस राजनीतिक दल का नाम कांग्रेस पार्टी है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि संविधान दिवस का दिन अपने संवैधानिक मूल्यों - न्याय, समानता और विविधता में एकता के महत्व की याद दिलाता है। इस अवसर पर सभी को संविधान दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए श्री साव ने कहा कि संविधान निर्माण में हमारे छत्तीसगढ़ के भी महान विभूतियों ने योगदान दिया है। इनमें घनश्याम सिंह गुप्त, पं.रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, पं. किशोरी मोहन त्रिपाठी, रामप्रसाद पोताई का योगदान रहा है।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल आयोग अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा