Live VNS

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार कैदी फरार , जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार कैदी फरार , जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

महासमुंद/रायपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सुरक्षा में बड़ी सेंध का मामला सामने आया है। जेल की ऊंची दीवार फांदकर साेमवार सुबह करीब चार बजे चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए हैं। कैदियों के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। महासमुंद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने इसकी पुष्टि की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरार होने वाले चारों कैदी अलग-अलग मामलों में जेल में बंद थे। कैदियों ने दीवार फांदने के लिए जेल में मिलने वाली कंबल का इस्तेमाल किया है।

फरार कैदियों में से तीन धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र—नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के मामलों में संलिप्त थे।चौथा कैदी पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुल पांच कैदियों ने जेल के अंदर मिलने वाले कंबलों की मदद से दीवार फांदकर भागने की योजना बनाई थी। योजना के तहत चार कैदी तो दीवार पार कर फरार होने में कामयाब हो गए, लेकिन पांचवां कैदी दीवार फांदते समय नीचे गिर गया, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है और उनकी सुरागकशी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार महाससमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की घटना के बाद तुरंत पुलिस टीमों को एक्टिव कर दिया गया है। आरोपितो की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

यह पहला मौका नहीं है, जब महासमुंद जिला जेल से कैदी फरार हो गए हों। इसके पहले मई 2021 को दिनदहाड़े 5 कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें से एक कैदी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था, तो वहीं चार अन्य कैदी महासमुंद जिले के रहने वाले थे। तब जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था, जिसमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…