Live VNS

कवर्धा में हाथियों का कहर: केसमरदा में दो घरों में तोड़फोड़, शादी के लिए रखे नाै बोरी चावल किए बर्बाद

कवर्धा में हाथियों का कहर: केसमरदा में दो घरों में तोड़फोड़, शादी के लिए रखे नाै बोरी चावल किए बर्बाद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कवर्धा/रायपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कुकदुर क्षेत्र में बीती रात चार हाथियों के एक दल ने केसमरदा गांव की बस्ती में घुसकर दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घरों में रखा राशन पूरी तरह बर्बाद कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने आज साेमवार काे बताया कि केसमरदा गांव में रहने वाला बैगा परिवार बीती रात में अपने घरों में गहरी नींद में सो रहा था। इसी बीच जंगल से भटककर चार हाथियों का दल बस्ती में आ धमका और दो घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हाथियों की चिंघाड़ और तोड़फोड़ की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग किसी तरह घरों से बाहर निकले और सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।

हाथियों के इस हमले से ग्रामीण बुधसिंह बैगा को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और इसके लिए नौ बोरी चावल जमा कर रखे गए थे। हाथियों ने घर में घुसकर इन बोरियों को फाड़ दिया और चावल को खाकर व बिखेरकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

कुकदुर क्षेत्र में हाथियों के इसी दल की मौजूदगी पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी है। करीब एक सप्ताह पहले इन हाथियों ने ग्राम बनगौरा के दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई को कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण आसपास के गांवों के लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।

घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है। वन विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अपील में कहा गया है—हाथियों की लगातार आवाजाही और हालिया घटनाओं को देखते हुए सभी ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी जाती है। लोग जंगल की ओर न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। कहीं भी हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनके करीब जाने या उन्हें खदेड़ने की कोशिश न करें और तत्काल विभाग को सूचित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…