Live VNS

महादेव सट्टा केस में अब ईडी करेगी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ, सात दिन की मिली रिमांड

महादेव सट्टा केस में अब ईडी करेगी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ, सात दिन की मिली रिमांड

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सौरभ चंद्राकर से सीबीआई के बाद अब ईडी की टीम सात दिनों तक पूछताछ करेगी। सौरभ चंद्राकर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मनी लांड्रिंग जांच कर रही है। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है और रायपुर की विशेष पीएमएलए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) अदालत ने उसे 7 दिन (19 नवंबर तक) की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो की आठ दिनों की पूछताछ पूरी होने के ठीक एक दिन बाद की गई है।

ईडी के अधिवक्ता सौरभ कुमार पांडेय ने आज जानकारी दी है कि सीबीआई कस्टडी समाप्त होने और न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद, ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आरोपित की गिरफ्तारी और हिरासत के लिए पीएमएलए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) में विधिवत आवेदन प्रस्तुत किया। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 की धारा 19 के तहत सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश अमित राठौर की अदालत में लंबी कानूनी बहस और तर्कों के बाद मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को आज (शुक्रवार )19 नवंबर तक सात दिन की ईडी रिमांड पर सौंप दिया है।

ईडी ने उसे अपने मामले में पेश कराने के लिए गुरुवार को प्रोडक्शन वारंट हासिल कर लिया था। अब सीबीआई और ईडी की समानांतर कार्रवाई से महादेव सट्टा नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन और अन्य ऑपरेटरों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है। मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला के जरिए बड़े पैमाने पर विदेशों में पैसे भेजने के मामलों में ईडी उससे पूछताछ कर रही है।

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर को भारत लाया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फर्जी दस्तावेजों (इंडोनेशियाई पासपोर्ट) का इस्तेमाल कर यूएई से ओमान भाग गया था, जहां से उसे पकड़ा गया। भारत लाने के बाद सीबीआई ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी, जिसके बाद उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया था। महादेव ऑनलाइन बुक ऐप का नेटवर्क 2019-20 के दौरान शुरू हुआ था और कोविड महामारी के समय इसका दायरा तेजी से बढ़ा। आरोप है कि यह ऐप हजारों पैनल के जरिए संचालित होता था और साल 2019 से अब तक इससे करीब ₹80,000 करोड़ के काले धन के सृजन और लेनदेन का अनुमान है। इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपितों पर भी लगातार कार्रवाई हो रही है। हाल ही में रायपुर में महादेव 364 पैनल के संचालन और आईडी बेचने के आरोप में मोहित सोमानी जैसे स्थानीय आरोपितों के ठिकानों पर भी केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा दबिश देकर जांच-पड़ताल की गई है।

अब ईडी की 7 दिन की रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से वित्तीय लेन-देन, हवाला चैनलों और इस अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट से जुड़े देश-विदेश के कई अन्य बड़े चेहरों और राजनीतिक संबंधों के खुलासे होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…