Live VNS

छत्तीसगढ़ : 1,280 करोड़ के शराब घोटाले का आरोपित विकास अग्रवाल 30 नवंबर तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर

छत्तीसगढ़ : 1,280 करोड़ के शराब घोटाले का आरोपित विकास अग्रवाल 30 नवंबर तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 1,280 करोड़ के शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया और उसे शुक्रवार रात करीब 12 बजे उसे रायपुर की रिमांड अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने पूछताछ के लिए आरोपित को 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) काे सौंप दिया है।

अदालत में जज की अनुपस्थिति के कारण विकास अग्रवाल को देर रात रिमांड अदालत में पेश किया गया। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने आरोपित से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने 30 नवंबर तक पूछताछ की अनुमति दे दी। रात करीब 12:33 बजे ईओडब्ल्यू के अधिकारी आरोपित को लेकर कार्यालय पहुंचे। अब सोमवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

जांच एजेंसियों के अनुसार, साल 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ में शराब वितरण में हुई कथित गड़बड़ी से सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ था।इस मामले में नवंबर 2024 में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। विकास अग्रवाल यूएई में रहकर 'बोस्टन' नामक कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। वह शराब सिंडिकेट में डिस्टिलरी से कमीशन की रकम वसूलता था और उसे अधिकारियों व अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालता था।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए यूएई में विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी कराई थी। इसके बाद विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपित को रायपुर लाने के लिए छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू की विशेष टीम भेजी गई थी, जिसमें ईओडब्ल्यू चीफ (आईजी) अमरेश मिश्रा, डीएसपी रोशन आहूजा और डीएसपी राहुल शर्मा शामिल थे।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने अदालत में कहा कि आरोपित पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए। साथ ही बचाव पक्ष ने अदालत से मांग की कि पूछताछ के दौरान आरोपित के मानवाधिकारों का उल्लंघन न हो और प्रक्रिया की निगरानी के लिए एजेंसी के किसी अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।

ईओडब्ल्यू अब रिमांड के दौरान आरोपित से शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं पर पूछताछ करेगी। एजेंसी का मानना है कि विकास अग्रवाल से पूछताछ में कथित शराब सिंडिकेट के पैसों के लेन-देन और मामले में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…