Live VNS

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति सम्मलेन मे किया प्रतिभाग, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति सम्मलेन मे किया प्रतिभाग, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

चमोली, 17 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा एवं पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा तथा मथानी से दही मथकर पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और जीवनशैली से अपने आत्मीय जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि चमोली की धरती से प्रारंभ हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी एवं उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।

उज्ज्वला योजना, जनधन योजना एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसरों का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया, महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा उत्तरा देवी एवं महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्षा मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत एवं नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती के लिए श्रीमती लीला देवी को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर एवं बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी एवं अनीता देवी को सम्मानित किया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी एवं मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास एवं अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। उन्होंने मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने जनपद चमोली में विकास कार्यों को गति देते हुए कुल 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 13,358.76 लाख रुपये (लगभग 133.59 करोड़ रुपये) की लागत के 16 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 1,618.23 लाख रुपये (लगभग 16.18 करोड़ रुपये) की लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस प्रकार कुल 14,976.99 लाख रुपये (लगभग 149.77 करोड़ रुपये) की विकास योजनाओं की सौगात जनपद को मिली।

शिलान्यास के अंतर्गत प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग गोपेश्वर की ओर से दशोली क्षेत्र में 226.56 लाख रुपये की लागत से बम्बूधार से मूल गांव छिनका होते हुए मल्ला नौरी तक मोटर मार्ग निर्माण, 88.82 लाख रुपये से घुड़साल-सैकोट मोटर मार्ग निर्माण, 187.50 लाख रुपये से गोपेश्वर-देवरखडोरा-घिंघराण मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण, 1,668 लाख रुपये से गोविंदघाट में 92.156 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण, 128.64 लाख रुपये से पीपलकोटी-मठ-मठेड़ा मोटर मार्ग तथा 263.85 लाख रुपये से अपर चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का वन टाइम मेंटेनेंस कार्य शामिल है।

निर्माण खंड थराली के अंतर्गत मां नंदा देवी राजजात से संबंधित 1,506.17 लाख रुपये की लागत से ग्वालदम-नंदकेशरी तथा 3,269 लाख रुपये से थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्यों का शिलान्यास किया गया। निर्माण खंड गौचर के अंतर्गत 108.96 लाख रुपये से जयकंडी-सिरतोली मोटर मार्ग का विस्तार, 12.07 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय खैनोली में भवन अनुरक्षण, 35.11 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कनोल में चारदीवारी एवं संपर्क मार्ग निर्माण, 1,098.76 लाख रुपये से हापला-मसौली से गुडम नैल मोटर मार्ग, 556.48 लाख रुपये से पोखरी-हरिशंकर से थैलीथाला बैंड मोटर मार्ग, 1,401.31 लाख रुपये से धार डुंग्री-मैखुरा से निवाड़ी मोटर मार्ग, 664.96 लाख रुपये से कर्णप्रयाग-नौटी से चौण्डली ल्यूथा मोटर मार्ग तथा 2,147.50 लाख रुपये से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में पूर्ण हुए 14 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें 17.92 लाख रुपये से शिलेश्वर शिव मंदिर तक 250 मीटर मोटर मार्ग का डामरीकरण, 50-50 लाख रुपये की लागत से गौचर एवं उर्गम में बीपीएचयू का निर्माण, 29.75 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी में लाइब्रेरी तथा 22.68 लाख रुपये से आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष का निर्माण शामिल है।

इसके अतिरिक्त 26.77 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा में जीव विज्ञान प्रयोगशाला, 26.77 लाख रुपये से देवाल में विज्ञान प्रयोगशाला, 26.77 लाख रुपये से नंदासैंण में रसायन विज्ञान प्रयोगशाला, 867.571 लाख रुपये से आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला एवं वर्कशॉप निर्माण, 27.18 लाख रुपये से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय देवाल में चारदीवारी एवं अनुरक्षण कार्य तथा 123.18 लाख रुपये से बगना में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन का निर्माण शामिल है।

वहीं 105.21 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज मंदोली में चार कक्षा-कक्ष, 109.02 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ में चार कक्षा-कक्ष एवं शौचालय तथा 135.38 लाख रुपये से राजकीय इंटर कॉलेज थराली में तीन प्रयोगशालाओं, एक कक्षा-कक्ष एवं शौचालय ब्लॉक का निर्माण कार्य भी लोकार्पित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भाजपा एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा रुचि भट्ट, जिला अध्यक्ष भाजपा गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा पंकजा बिष्ट, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती, रामचंद्र गौड़, हरक सिंह नेगी, रमेश गड़िया, चंद्रकला तिवारी, प्रेम सिंह राणा, माधव प्रसाद सेमवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी, ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिला भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संदीप रावत, मंडी समिति अध्यक्ष गजेंद्र पाल भंडारी, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा हिमानी वैष्णव, अध्यक्ष बण्ड मेला विकास संगठन देवेंद्र सिंह नेगी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…