पहले बुटोला, अब संदीप नेगी... धामी की तारीफ से चमोली की सियासत में हलचल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
गोपेश्वर, 14 नवम्बर (हि.स.)। चमोली की सियासत में इन दिनों कांग्रेस के दो नेताओं के बयानों को लेकर नई चर्चा छिड़ी हुई है। पहले बदरीनाथ के कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की थी। अब गौचर मेले के उद्घाटन मंच से कांग्रेस नेता और गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने मुख्यमंत्री की तारीफ कर राजनीतिक चर्चाओं को फिर हवा दे दी है।
गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में संदीप नेगी ने पालिका क्षेत्र में पूर्व में उठाई गई मांगों को पूरा करने और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया। एक स्थानीय निकाय के कांग्रेस समर्थित नेतृत्व की ओर से सरकार के कामकाज की सार्वजनिक सराहना को जिले की राजनीति में अलग-अलग नजरिये से देखा जा रहा है।
इससे पहले जुलाई में विधायक बुटोला के बयान के बाद भी राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं। हालांकि अगले ही दिन बुटोला ने स्पष्ट किया था कि उन्होंने सरकार की प्रशंसा नहीं, बल्कि अपनी विधानसभा में जनता के लिए हुए विकास कार्यों की बात रखी थी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, जिला विकास प्राधिकरण और बदरीनाथ मंदिर से जुड़े मुद्दे भी उठाए थे।
सीएम के सामने भाजपा में आने का न्योता
गौचर मेले के मंच पर संदीप नेगी की ओर से मुख्यमंत्री की सराहना किए जाने के बाद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चैधरी ने उन्हें भाजपा में शामिल होने का न्योता दे दिया। मुख्यमंत्री धामी ने भी मंत्री के इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए संदीप नेगी को भाजपा में आने के लिए प्रेरित किया। मंच पर हुई इस राजनीतिक बातचीत का सीधा प्रसारण भी हुआ और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होते रहे।
क्या स्थानीय विकास के मुद्दे बदल रहे हैं सियासी समीकरण
चमोली की राजनीति में इस घटनाक्रम के कई मायने निकाले जा रहे हैं। एक ओर कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री को दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता इसे पार्टी के विस्तार के अवसर के तौर पर देख रहे हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री की तारीफ के तुरंत बाद पालिका अध्यक्ष को भाजपा में आने का न्योता दिया गया।
हालांकि संदीप नेगी की ओर से भाजपा में शामिल होने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री की सराहना और भाजपा में शामिल होने के न्योते को फिलहाल अलग-अलग घटनाक्रम के रूप में ही देखा जा रहा है। लेकिन पहले विधायक लखपत बुटोला और अब पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी के बयानों ने चमोली की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल