चांदनी चौक के कायाकल्प पर समीक्षा बैठक, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (आईवीपीएन) की अध्यक्ष रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में पुरानी दिल्ली के कायाकल्प से जुड़ी एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों को समन्वित रूप से काम करने और क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को अक्षुण्ण रखते हुए बाजारों तथा रिहायशी इलाकों में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। बाजार में महिला शौचालयों का निर्माण, क्यूआर कोड आधारित शिकायत प्रणाली, बेहतर सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण हटाने जैसे कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया गया कि चांदनी चौक में 120 सफाई कर्मचारियों को तीन शिफ्टों में तैनात किया गया है, जिससे बाजार में 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी इस व्यवस्था की पुष्टि की। आईवीपीएन अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर काम शुरू हो चुका है। क्षेत्र की समस्याओं, तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता वाले विषयों और दीर्घकालिक कायाकल्प योजनाओं का खाका भी प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए तत्काल समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथों पर अनधिकृत कब्जे, सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा और सार्वजनिक स्थानों का अवैध इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। व्यापारी प्रतिनिधियों ने भी अतिक्रमण हटाने, रिक्शों की संख्या नियंत्रित करने और अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस और नगर निगम को संयुक्त रूप से अतिक्रमण रोकथाम टीम तैनात करने के निर्देश दिए। नगर निगम को रिक्शों की संख्या तत्काल प्रभाव से सीमित करने और उनके डिजाइन में सुधार पर ध्यान देने को कहा गया है ताकि यात्रियों और चालकों दोनों को बेहतर सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कश्मीरी गेट बस अड्डा (आईएसबीटी) के निकट फ्लाईओवर पर बसों के जमावड़े और वहां व्यावसायिक सामान की लोडिंग-अनलोडिंग होने पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने परिवहन विभाग को बुराड़ी स्थित आईएसबीटी को निर्धारित समय-सीमा में चालू करने के प्रयास तेज करने तथा इसके पूरी तरह संचालन में आने तक बसों को बुराड़ी आईएसबीटी परिसर में सरफेस पार्किंग की अनुमति देने के निर्देश दिए। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास से संचालित अवैध बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग और बसों के माध्यम से माल ढुलाई रोकने के लिए परिवहन विभाग के अंतर्गत दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त प्रवर्तन टीम गठित कर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में नए महिला शौचालयों के निर्माण के साथ अन्य सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने और उनकी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि पीडब्ल्यूडी के माध्यम से चांदनी चौक में सिविल रखरखाव, बागवानी, मशीनी सफाई और सुरक्षा सेवाओं को समाहित करते हुए व्यापक सुविधा प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके अंतर्गत सड़कों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत, नालियों एवं बोलार्ड का रखरखाव, गमलों और हरित गलियारों की देखभाल, 24 घंटे सफाई तथा गेट और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा जैसे कार्य किए जाएंगे। प्रस्तावित सिविल कार्यों का सर्वेक्षण और मैपिंग की जा रही है। बोलार्ड और बेंच ऑर्डर किए जा चुके हैं। खराब फर्श एवं टाइलों की मरम्मत और बदलाव के साथ चारों सार्वजनिक शौचालयों का नवीनीकरण तथा नई फिटिंग्स लगाने का काम भी किया जाएगा। क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और हरित वातावरण को बेहतर बनाने के लिए बागवानी प्रबंधक एवं उनकी टीम तैनात की गई है। बीच की हरित पट्टी और अन्य हरित क्षेत्रों की सफाई तथा उन्हें विकसित करने का काम जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांदनी चौक दिल्ली का दिल है और इसकी ऐतिहासिक भव्यता, सांस्कृतिक पहचान तथा जनसुविधाओं को पुनर्स्थापित करना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने और कार्यों के दौरान आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। यहां आवागमन सुगम हो, महिलाओं सहित सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, शौचालय स्वच्छ रहें और सार्वजनिक स्थान तथा सड़कें अतिक्रमण-मुक्त हों, यह सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से चांदनी चौक की ऐतिहासिक गरिमा और पुराना गौरव फिर से निखरेगा तथा क्षेत्रवासियों, कारोबारियों और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस बैठक में चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता, कारोबारी एवं रिहायशी क्षेत्रों के प्रतिनिधी तथा पीडब्ल्यूडी, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी