Live VNS

नूंह के जमालगढ़ में कांग्रेस ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा, ग्रामीणों को मताधिकार के लिए किया जागरूक

नूंह के जमालगढ़ में कांग्रेस ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा, ग्रामीणों को मताधिकार के लिए किया जागरूक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नूंह, 13 नवंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की ओर से शुक्रवार को पुनहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव जमालगढ़ में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार काे चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने तथा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ और विधायक राजबीर फरटिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान ने की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चुनावों में वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल करने के आरोप लगाए। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं तथा वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर आमजन को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी हाजी अख्तर हुसैन, इब्राहिम इंजीनियर, हाजी सुबराती खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मुबीन तेड, इरशाद चेयरमैन, एडवोकेट साहुन खान, ब्लॉक अध्यक्ष सैफुल्लाह खान, मुबारिक मलिक, जमशेद खान, रामकरण, शाकिर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…