Live VNS

कानपुर सेंट्रल पर चौरी-चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरे, 300 यात्री सुरक्षित

कानपुर सेंट्रल पर चौरी-चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरे, 300 यात्री सुरक्षित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम चौरी-चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना होने के करीब दो मिनट बाद हादसा हुआ। चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। हादसे के समय इन चारों कोच में करीब 300 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है।

डिप्टी सीटीएम (उप मुख्य यातायात प्रबंधक) आकांशु गोविल ने बताया कि ट्रेन संख्या 15003 बुधवार शाम 5:03 बजे कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना हुई थी। करीब 5:05 बजे स्टेशन से आगे बढ़ते समय बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। इन कोचों में करीब 300 यात्री सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रोका गया है। यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन और जलपान की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जो यात्री आगे की यात्रा नहीं करना चाहते, उन्हें टिकट काउंटर से टिकट का 100 प्रतिशत रिफंड दिया जाएगा। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इसकी जानकारी स्टेशन पर उद्घोषणा के माध्यम से दी जाएगी। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू करा दिया गया है। प्रयागराज से वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

डिप्टी सीटीएम के मुताबिक, पटरी से उतरे चारों कोच को अलग करने के बाद शेष ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ले जाया जा रहा है। इसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। हादसे के कारण स्टेशन पर रेल यातायात बाधित नहीं हुआ है और अन्य सभी ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं।

यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर

कानपुर सेंट्रल: 0512-2323018, 0512-2323016, 0512-2323015 प्रयागराज जंक्शन: 0532-2408128, 0532-2407353, 0532-2408149

फतेहपुर: 9151833006

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…