Live VNS

छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की संख्या

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष प्रबंध किया है। यात्रियों, विशेषकर बिहार और पूर्वी भारत की ओर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।

उत्तर रेलवे के अनुसार, बुधवार (11 नवंबर) को दिल्ली क्षेत्र से कुल 34 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं। इनमें 31 निर्धारित और तीन अनिर्धारित विशेष रेलगाड़ियां शामिल थीं।

रेलवे के अनुसार, 11 नवंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 12, आनंद विहार से नौ, शकूरबस्ती से सात, हजरत निजामुद्दीन से चार, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी चलाई गई।

वहीं, गुरुवार (12 नवंबर) को दिल्ली क्षेत्र से कुल 31 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन निर्धारित किया गया है। इनमें नई दिल्ली से नौ, आनंद विहार टर्मिनल से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से पांच, दिल्ली जंक्शन से तीन, रोहतक से एक और दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ और मांग को देखते हुए अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी।

उत्तर रेलवे ने शुक्रवार (13 नवंबर) के लिए भी 24 विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की योजना बनाई है। इनमें नई दिल्ली से नौ, आनंद विहार से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से एक, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की भीड़ के अनुसार अतिरिक्त अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…