Live VNS

कैंट स्टेशन पर छठमय हुआ माहौल, छठ गीतों की मधुर धुन से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का स्वागत, यात्रियों की सुविधा के विशेष इंतजाम

कैंट स्टेशन पर छठमय हुआ माहौल, छठ गीतों की मधुर धुन से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का स्वागत, यात्रियों की सुविधा के विशेष इंतजाम

लाइव VNS डेस्क ·

कैंट स्टेशन पर छठमय हुआ माहौल, पारंपरिक लोकगीतों और स्वागत पोस्टरों से यात्रियों को मिल रहा पर्व का एहसास

यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर और हेल्प डेस्क की व्यवस्था

सुरक्षा के लिए जीआरपी-आरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड भी मुस्तैद

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। दीपावली के बाद अब बड़ी संख्या में लोग छठ पर्व मनाने के लिए अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधा को देखते हुए रेलवे ने वाराणसी के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। इस बार रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं का स्वागत पारंपरिक छठ गीतों की मधुर धुनों से किया जा रहा है। वाराणसी कैंट स्टेशन पर स्पीकर के माध्यम से छठ के पारंपरिक लोकगीत बजाए जा रहे हैं। वहीं, स्टेशन परिसर में लगाए गए छठ पर्व के स्वागत पोस्टर यात्रियों को त्योहार का एहसास करा रहे हैं।

स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि छठ पर्व में लोकगीतों का विशेष महत्व है। इन गीतों के जरिए सूर्योपासना, लोक परंपरा और आस्था की झलक मिलती है। रेलवे ने इसी सांस्कृतिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर अधिकृत छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की है। स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को गीतों के माध्यम से अपने घर और पर्व से जुड़ाव महसूस हो रहा है।

यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी जंक्शन से सात स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें साप्ताहिक, द्विसाप्ताहिक और त्रिसाप्ताहिक आधार पर चलाई जा रही हैं, जो 30 नवंबर तक संचालित होंगी। इनके माध्यम से चंडीगढ़, माता वैष्णो देवी, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दिल्ली सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। इसके अलावा करीब 35 से 40 जोड़ी ट्रेनें अन्य मंडलों से होकर वाराणसी जंक्शन से गुजरती हैं।

स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है। प्रवेश और निकास द्वार पर हेल्प डेस्क के साथ अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। जीआरपी और आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन के सहयोग से एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।

छठ गीतों से बिहार की संस्कृति का हो रहा एहसास

स्टेशन पर बज रहे छठ गीतों को सुनकर महिला यात्रियों ने खुशी जताई। एक महिला यात्री ने कहा कि छठ बिहार की संस्कृति और आस्था से जुड़ा पर्व है। साल में एक बार इस अवसर पर घर आने का मौका मिलता है। स्टेशन पर छठ गीत सुनकर काफी अच्छा लग रहा है। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण घर पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…