Live VNS

राज्यपाल ने छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

राज्यपाल ने छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

लखनऊ, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

शनिवार काे अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक चेतना, लोक परंपराओं और प्रकृति के प्रति अगाध सम्मान का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना से जुड़ा यह महापर्व आस्था, तप, त्याग, पवित्रता एवं आत्मानुशासन की प्रेरणा देने के साथ ही प्रकृति, जल एवं पर्यावरण के संरक्षण तथा सामाजिक समरसता का संदेश देता है। यह पर्व सामूहिक श्रद्धा, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत को और समृद्ध बनाता है।

राज्यपाल ने कामना की कि लोक आस्था का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि का संचार करे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव, सहयोग और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता की भावना को और सुदृढ़ बनाए।

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर दी बधाई

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर झारखण्ड के समस्त नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान से गौरवान्वित झारखंड की धरती जनजातीय स्वाभिमान एवं वीरता की प्रतीक है। समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएँ, खनिज संपदा, वन एवं प्राकृतिक सौंदर्य इस राज्य की विशिष्ट पहचान हैं और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।

राज्यपाल ने कामना की, कि झारखंड प्रगति, समावेशी विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे तथा राज्य का प्रत्येक नागरिक उन्नति के नए अवसरों से जुड़कर सुखी, सुरक्षित एवं खुशहाल जीवन व्यतीत करे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…