Live VNS

रामानुजगंज में कन्हर नदी तट पर छठ व्रतियों ने की पूजा-अर्चना, खरना का प्रसाद बनाने की तैयारी

रामानुजगंज में कन्हर नदी तट पर छठ व्रतियों ने की पूजा-अर्चना, खरना का प्रसाद बनाने की तैयारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित जीवनदायिनी कन्हर नदी के तट पर लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार शाम छठ व्रतियों ने नदी तट पर पहुंचकर अपनी-अपनी वेदी के पास पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी व्रती घर लौट गईं, जहां खरना का प्रसाद तैयार किया जाएगा।

छठ व्रती शांति कश्यप ने बताया कि इस महापर्व में शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। चार दिवसीय छठ पर्व के दूसरे दिन खरना किया जाता है। शनिवार शाम घाट पर पूजा-अर्चना के बाद व्रती घरों में खीर बनाकर भगवान को भोग अर्पित करेंगी और प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा, जो सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होगा।

उन्होंने बताया कि छठ पर्व को पूरी पवित्रता और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दौरान खान-पान से लेकर पूजा की प्रत्येक तैयारी में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

उल्लेखनीय है कि बलरामपुर जिले में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह रहता है। रामानुजगंज स्थित कन्हर नदी के तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उत्तरवाहिनी कन्हर नदी और गंगा नदी से इसके संगम के कारण भी इस स्थान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…